जी20 के लिए एमसीडी ने शहर को सजाया, हुमायूं का मकबरा और एफिल टावर दीवारों पर उकेरा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 31 Dec 2022 01:11 PM
जी20 के लिए एमसीडी ने शहर को सजाया, हुमायूं का मकबरा और एफिल टावर दीवारों पर उकेरा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: दिल्ली में 2023 में होने वाले जी20 सम्मेलन एवं बैठकों के मद्देनजर दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों ने शहर की सार्वजनिक दीवारों को सजाने का काम शुरू कर दिया है। इन दीवारों पर ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों के चित्र उकेरे जा रहे हैं, जिनमें हुमायूं का मकबरा एवं एफिल टावर के चित्र शामिल हैं।

राजधानी की जिन दीवारों पर इन धरोहरों के चित्र बनाये जा रहे हैं उनमें कूड़ा डालने की जगह की दीवार भी शामिल है। इनमें से कुछ चित्र पिछले कुछ दिनों में बनाये गये हैं, जिनमें राजघाट पर गांधी दर्शन के पास की दीवार पर बनाए गए चित्र शामिल हैं।

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘हमने 2023 में होने वाले जी 20 कार्यक्रमों एवं सम्मेलन के मद्देनजर शहर को सजाने का काम शुरू कर दिया है और (सार्वजनिक दीवारों पर) कलात्मक चित्र उकेरे जा रहे हैं। कई स्थानों पर सार्वजनिक दीवारों पर सुंदर चित्रकारी की गई है और शहर की शोभा बढ़ाने के लिए ‘ढलाओ’ (कूड़ा घर) की दीवारों को भी कलाकृति से सजाया जा रहा है।’’

गांधी दर्शन के पास स्थित एक ‘ढलाओ’ के पास कुछ दिन पहले तक लोग जाने से बचते थे, लेकिन अब यह ताजा और चमकीले रंग की दीवारों के साथ एक प्रकार का आकर्षण का केंद्र बन गया है। ये चित्र विभिन्न देशों के प्रसिद्ध स्मारकों को दर्शाते हैं जो प्रभावशाली जी20 समूह का हिस्सा हैं।

एक दीवार पर यूनेस्को की विश्व विरासत स्थल में शुमार हुमायूं के मकबरे का चित्र चमकीली नारंगी रंग में उकेरा गया है और नीले रंग की पृष्ठभूमि पर गेरुआ रंग और शीर्ष पर ‘जी 20’ का लोगो भी बनाया गया है। ढलाओ की दीवारों और किनारों पर लंदन का प्रसिद्ध क्लॉक टावर ‘बिग बेन’, न्यूयॉर्क का स्टैच्यू आॅफ लिबर्टी और फ्रांस का एफिल टावर तथा रूस के सेंट बेसिल कैथेड्रल का चित्र उकेरा गया है ।

इसके अलावा विश्व विरासत की अन्य धरोहरों के चित्र राजधानी की विभिन्न दीवारों की शोभा बढ़ा रहे हैं। कुछ लोग मौके पर जाकर इन चित्रों के साथ सेल्फी ले रहे हैं और शायद उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि यह इन चित्रों के अंदर कूड़ा घर है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav