
भुवनेश्वर. ओडिशा के खुर्दा जिले में 16 वर्षीय दलित लड़की को कथित तौर पर अगवा कर उससे सामूहिक बलात्कार किया गया. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि नाबालिग के माता-पिता ने 19 नवंबर को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी, क्योंकि वह पिछले दिन स्कूल से घर नहीं लौटी थी. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि लड़की की मां ने बाद में पुलिस में नयी शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि उसके एक पुरुष मित्र और उसके साथियों ने उससे बलात्कार किया.
उन्होंने बताया कि लड़की यहां कैपिटल अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है. अधिकारी ने कहा, “उसे पहले 20 नवंबर को खुर्दा जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया था. तबीयत बिगड़ने पर उसे कैपिटल अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया.” अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “हमने लड़की के पुरुष मित्र सहित 10 से अधिक लोगों से पूछताछ की है, लेकिन अभी किसी को गिरफ्तार नहीं किया है, क्योंकि उनकी संलिप्तता स्थापित नहीं हुई है.” इस बीच, विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस ने इस घटना को लेकर भाजपा नीत सरकार की आलोचना की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.
विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने ‘एक्स’ पर कहा, “सरकार को जागना चाहिए…दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.” कांग्रेस नेता पृथ्वी बल्लभ पटनायक ने आरोप लगाया कि भाजपा नीत सरकार के शासन में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार बढ़ रहे हैं, क्योंकि वह कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है.



