मोदी ने राजनीतिक संस्कृति को बदल दिया : नड्डा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 30 May 2022 08:37 PM
मोदी ने राजनीतिक संस्कृति को बदल दिया : नड्डा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीतिक संस्कृति को बदलते हुए एक जवाबदेह एवं सक्रिय शासन की शुरुआत की है. मोदी सरकार के आठ साल पूरे होने पर यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण’ मोदी सरकार की आत्मा है.

नड्डा ने मोदी सरकार की वर्षगांठ को चिह्नित करने के लिए एक ‘थीम’ गीत जारी किया. गीत के जरिये मोदी सरकार को आधुनिक भारत का निर्माता करार दिया गया है. इस दौरान केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, धर्मेंद्र प्रधान और अनुराग ठाकुर भी उपस्थित रहे. भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाना मोदी सरकार के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती रही है.

नड्डा ने कहा, ”प्रधानमंत्री मोदी ने खुद सरकारी योजनाओं का अंतिम छोर तक पहुंचना सुनिश्चित किया.” नड्डा ने ‘नमो’ ऐप के माध्यम से युवाओं और जनता तक पहुंचने के लिए ‘8 साल की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण’ नामक एक विशेष अभियान की भी शुरुआत की. भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ”नमो ऐप के इस विशेष मंच पर परस्पर संवाद समेत बहुत सारी सूचनाएं उपलब्ध हैं. इस मंच पर वीडियो, ग्राफिक्स और लेखों का संग्रह है जो मोदी सरकार द्वारा आठ वर्षों में किए गए कार्यों का विवरण पेश करता है.”

सभी को साथ लेकर चलने को तैयार है भाजपा: नड्डा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी सभी को साथ लेकर चलने के लिए तैयार है और वह एक मजबूत राष्ट्र के निर्माण के सिद्धांत पर काम करती है. नड्डा ने यह बात इन आरोपों को खारिज करते हुए कही कि नरेंद्र मोदी सरकार में समाज का एक वर्ग अलग-थलग महसूस करता है. नड्डा ने केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के आठ साल पूरे होने पर यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘जब हम राजनीतिक रूप से काम करते हैं, तो हमारा प्रयास होता है कि हम सभी को साथ लेकर चलें. हमें इसके लिए तैयार रहना होगा. हम इसके लिए तैयार हैं.’’

उन्होंने कहा, ‘‘किसी समाज में कई तरह के लोग होते हैं. कुछ पहले प्रतिक्रिया जताते हैं, कुछ बाद में, कुछ दशकों के बाद और कुछ बहुत समय बीत जाने के बाद प्रतिक्रिया जताते हैं. यह उन पर निर्भर करता है. हालांकि हमारा आचार-व्यवहार एक मजबूत राष्ट्र, एक राष्ट्र के सिद्धांत पर है. यह स्पष्ट है और सभी का समान हिस्सा होगा.’’ यह पूछे जाने पर कि क्या वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद का मुद्दा भाजपा के एजेंडे में है, नड्डा ने कहा कि पार्टी ने हमेशा सांस्कृतिक विकास की बात की है और ऐसे मुद्दों पर संविधान और अदालतों के अनुसार फैसला किया जाता है.

पार्टी प्रमुख ने कहा, ‘‘अदालत और संविधान इस पर फैसला करेंगे तथा भाजपा इसका अक्षरश: पालन करेगी.’’ उन्होंने कहा कि भाजपा ने पालमपुर में अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान राम जन्मभूमि मुद्दे पर एक प्रस्ताव पारित किया था. यह पूछे जाने पर कि काशी और मथुरा में मंदिरों को फिर से हासिल करना क्या अब भी भाजपा के एजेंडे में है, नड्डा ने कहा, ‘‘उसके बाद कोई प्रस्ताव पारित नहीं किया गया है.’’ नड्डा ने स्वीकार किया कि उत्तराखंड सरकार ने समान नागरिक संहिता पर एक समिति का गठन किया है, लेकिन यह स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा ने हमेशा सभी के लिए न्याय और किसी का तुष्टिकरण नहीं के सिद्धांत पर काम किया है.

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा, ‘‘यह ठीक है. वे इस पर चर्चा कर रहे हैं. जहां तक ??हमारा संबंध है, हम कहते रहे हैं कि सभी के साथ समान व्यवहार होना चाहिए. हमारी व्यापक रूपरेखा ‘सभी के लिए न्याय और किसी का तुष्टिकरण नहीं’ की रही है. यह हमारा मूल सिद्धांत है, हम इसके अनुसार काम कर रहे हैं.’’ नड्डा ने यह भी कहा कि मोदी सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने के लिए भाजपा का हर कार्यकर्ता 10 दिनों के दौरान 75 घंटे बिताएगा.

मोदी सरकार ने आठ वर्षों में जनता की सेवा करने वाली विदेश नीति पर जोर दिया : जयशंकर

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को कहा कि बीते आठ वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जन केंद्रित विदेश नीति में विकास, सुरक्षा और सभ्यता को बढ़ावा देने तथा जनता की सेवा करने वाली कूटनीति पर जोर दिया गया. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) वर्ष 2014 में सत्ता में आया था. राजग सरकार का दूसरा कार्यकाल 30 मई 2019 को शुरू हुआ था.

मोदी सरकार के आठ वर्ष पूरे होने के अवसर पर जयशंकर ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री मोदी की जन केंद्रित विदेश नीति के 8 वर्ष पूरे हुए. यह हमारे विकास, सुरक्षा और सभ्यता के लिए कूटनीति है. यह ऐसी कूटनीति है जो अपनी जनता की सेवा को सर्मिपत है.’’ उन्होंने कहा कि इस अवधि के दौरान पासपोर्ट वितरण में व्यापक परिवर्तन हुए और इसे तेज, भ्रष्टाचार मुक्त और लोगों के लिये सुगम बनाया गया.

केंद्र में भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि इस दौरान विदेशों में भारतीयों की सलामती एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया. उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान वंदे भारत मिशन, यूक्रेन से भारतीयों को लाने के लिये आॅपरेशन गंगा चलाया गया तथा कई अन्य कार्य किये गए. उन्होंने कहा कि कमजोर वर्गो एवं श्रमिकों के लिये कल्याण का दायरा बढ़ाया गया तथा भारतीय प्रतिभाओं, पेशेवरों, श्रमिकों एवं छात्रों के लिये अवसर बढ़े.

जयशंकर ने कहा कि इस अवधि (पिछले आठ वर्षों) में सरकार ने भारतीय निवेश एवं निर्यात को समर्थन दिया तथा देश में रोजगार के अवसर सृजित किये. उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों के साथ विश्वसनीय संबंधों और अंतर्राष्ट्रीय समर्थन के माध्यम से विश्वसनीय राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया. उन्होंने कहा, ‘‘इस अवधि में भारतीय संस्कृति को बढ़ावा दिया गया और दुनिया में हमारी साख बढ़ी.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu