मोदी ने अमूल के उत्पादक जीसीएमएमएफ को दुनिया की नंबर एक दुग्ध कंपनी बनने का लक्ष्य दिया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 22 Feb 2024 12:41 PM
मोदी ने अमूल के उत्पादक जीसीएमएमएफ को दुनिया की नंबर एक दुग्ध कंपनी बनने का लक्ष्य दिया
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को दूध के मशहूर ब्रांड ‘अमूल’ के उत्पादक गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ (जीसीएमएमएफ) को दुनिया की नंबर एक दुग्ध कंपनी बनाने का लक्ष्य दिया। वर्तमान में यह आठवें स्थान पर है।

प्रधानमंत्री यहां नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में जीसीएमएमएफ के स्वर्ण जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। जीसीएमएमएफ ‘अमूल’ ब्रांड के तहत अपने उत्पादों का विपणन करता है। मोदी ने कहा, ‘‘दुनिया में डेयरी सेक्टर सिर्फ 2 प्रतिशत की दर से आगे बढ़ रहा है जबकि भारत में डेयरी सेक्टर 6 प्रतिशत की दर से आगे बढ़ रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आज अमूल (जीसीएमएमएफ) दुनिया की आठवीं सबसे बड़ी डेयरी कंपनी है, आपका लक्ष्य इसे नंबर एक बनाना है, सरकार अपनी ओर से पूरी मदद देगी। यह मोदी की गारंटी है।’’ पूरे राज्य से आए सहकारी दुग्ध संघों के हजारों सदस्यों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि भारत की आजादी के बाद कई ब्रांड सामने आए लेकिन उनमें से कोई भी ‘अमूल’ जैसा नहीं है।

मोदी ने यह भी कहा कि देश के दुग्ध सहकारी आंदोलन के विकास में महिलाओं का योगदान सर्वोपरि है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत के डेयरी सेक्टर की असली रीढ़, महिलाशक्ति है। आज अमूल सफलता की जिस ऊंचाई पर है, वह सिर्फ और सिर्फ महिला शक्ति की वजह से है। आज जब भारत महिला नीत विकास के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है तो भारत के डेयरी सेक्टर की यह सफलता उसके लिए एक बहुत बड़ी प्रेरणा है।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav