लोकसभा चुनाव से पहले केरल में प्रधानमंत्री का महिला केंद्रित उपलब्धियों, ‘मोदी की गारंटी’ पर जोर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 03 Jan 2024 10:05 PM
लोकसभा चुनाव से पहले केरल में प्रधानमंत्री का महिला केंद्रित उपलब्धियों, ‘मोदी की गारंटी’ पर जोर
ऑडियो सुनें

त्रिशूर. विपक्षी के दबदबे वाले केरल में बुधवार को लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में उठाए गए कदमों, खासकर महिला आरक्षण विधेयक को रेखांकित किया और कहा कि ये पहल ‘मोदी की गारंटी’ का हिस्सा हैं. मध्य केरल के इस शहर में भाजपा द्वारा आयोजित एक विशाल महिला कार्यक्रम में अपने जोशीले भाषण में मोदी ने मलयालम में 17 बार ‘मोदीयुदे गारंटी’ दोहराई.

प्रधानमंत्री ने उज्ज्वला, नल के पानी के कनेक्शन, शौचालय, मुद्रा ऋण जैसी विभिन्न पहलों का हवाला देते हुए महिलाओं को सशक्त बनाने में अपनी सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया. महिला सम्मेलन में अपने जोशीले भाषण में मोदी ने ‘इंडिया’ गठबंधन पर भी तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि यह राज्य के विकास और उसकी प्रगति को बाधित कर रहा है.

लोकसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही उन्होंने पूरे विश्वास के साथ दावा किया कि भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) केरल में भी विजयी होगा. मोदी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन विधेयक अब कानून बन गया है और उन्होंने महिला सशक्तीकरण के लिए अपनी प्रतिबद्धता को पूरा किया है. महिला आरक्षण विधेयक को केंद्र सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम नाम दिया है.

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया, ”अफसोस की बात है कि आजादी के बाद वामपंथी दलों और कांग्रेस की सरकारों ने हमारी महिलाओं की ताकत को कम आंका.” उन्होंने कहा, ”कांग्रेस और अन्य दलों ने लोकसभा में आरक्षण विधेयक लाने में देरी की. हालांकि, नारी शक्ति वंदन विधेयक अब कानून बन गया है. मोदी ने अपनी प्रतिबद्धता पूरी की है.” गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों की प्रगति से राष्ट्रीय विकास सुनिश्चित होने की बात पर जोर देते हुए उन्होंने यह भी कहा कि अब तो ‘मोदी की गारंटी’ को लेकर हर जगह चर्चा हो रही है.

आगामी लोकसभा चुनावों के बारे में मोदी ने कहा कि केरल भाजपा को एक ऐसी पार्टी के रूप में पहचानता है जो राज्य को आगे बढ़ाने में सक्षम है. उन्होंने ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) पर राज्य के विकास में बाधा डालने का आरोप लगाया.

मोदी ने गठबंधन द्वारा उत्पन्न कथित बाधाओं को पार करने की पार्टी की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए कहा, ”भाजपा केरल में ‘इंडिया’ को हराएगी.” प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि राज्य की प्रगति भाजपा पर भरोसा जताने पर टिकी है. उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे विकास को चुनें ना कि प्रगति में बाधा बनने वालों को.

‘मोदी के साथ महिला शक्ति’ कार्यक्रम में विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि त्रिशूर से बदलाव की हवा पूरे केरल में बहेगी और बदलाव लाएगी. केरल में त्रिशूर ऐसी संसदीय सीट है जिसे आगामी चुनाव में जीतने की उम्मीद भाजपा कर रही है. अभिनेता सह सांसद सुरेश गोपी को भाजपा के उम्मीदवारों में सबसे प्रमुख दावेदार माना जा रहा है. यहां 30 प्रतिशत से अधिक ईसाई मतदाता हैं और पार्टी हाल के दिनों में उन्हें लुभाने में लगी है.

उन्होंने ईसाई समुदाय को उनके कल्याण के लिए भाजपा की प्रतिबद्धता का आश्वासन दिया. केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के लिए शुरू की गई विभिन्न योजनाओं को रेखांकित करते हुए मोदी ने आत्मविश्वास के साथ घोषणा की कि भाजपा इस साल आम चुनाव में केरल में अपना ‘खाता’ खोलेगी. उन्होंने संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि उनके स्पष्ट मतभेदों के बावजूद वे एक इकाई के रूप में काम करते हैं और ‘भ्रष्टाचार में भागीदार’ हैं.

उन्होंने त्रिशूर पूरम से जुड़े विवादों और एलडीएफ सरकार द्वारा सबरीमला तीर्थयात्रा के कथित कुप्रबंधन जैसे विवादास्पद मुद्दों पर भी बात की. मोदी ने केरल के खिलाफ वित्तीय प्रतिबंधों के आरोपों की ओर इशारा करते हुए राज्य सरकार पर केंद्र द्वारा आवंटित धन के उपयोग के संबंध में जवाबदेही से बचने का आरोप लगाया.

मोदी ने कहा, ”केरल के लोग अब जानते हैं कि केवल भाजपा नीत राजग ही राज्य में विकास ला सकता है.” चैंपियन पहलवानों और केंद्र सरकार के बीच चल रहे तनाव के बीच, मोदी ने कार्यक्रम में रणनीतिक रूप से दो प्रमुख खेल हस्तियों, पूर्व भारतीय एथलीट और भाजपा सांसद पीटी उषा तथा भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान सी मीनू मणि को मंच पर बिठाया. मोदी ने विश्वास जताया कि ‘मोदी की गारंटी’ देश में युवा खिलाड़ियों के विकास में योगदान देगी.

प्रधानमंत्री ने 15 नवंबर, 2023 को विकसित भारत संकल्प यात्रा की शुरुआत की थी. पूरे देश में सरकार की प्रमुख योजनाओं की अंतिम छोर तक पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस यात्रा को चलाया जा रहा है, ताकि इन योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से सभी लक्षित लाभार्थियों तक पहुंचे.

प्रधानमंत्री इस यात्रा के तहत देश के विभिन्न कोनों में पहुंच रही गाड़ियों को अक्सर ‘मोदी की गारंटी’ वाली गाड़ी कहते हैं. त्रिशूर की रैली में मोदी ने यह भी कहा कि उन्होंने मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से आजादी की गारंटी दी और इसे ईमानदारी से पूरा किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu