राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार बनायेगा, मोदी का समर्थन करने यहां आया हूं: शिंदे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 05 Jun 2024 07:10 PM
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार बनायेगा, मोदी का समर्थन करने यहां आया हूं: शिंदे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) अगली सरकार बनायेगा. शिंदे ने यहां पहुंचने पर पत्रकारों से कहा कि राजग ने लोकसभा चुनाव में बहुमत हासिल किया है और मोदी के नेतृत्व में अगली सरकार बनेगी. शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने लोकसभा में सात सीट जीती हैं और उसे केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का महत्वपूर्ण सहयोगी माना जाता है.

उन्होंने नए केंद्रीय मंत्रिमंडल में शिवसेना द्वारा मांगे जाने वाले विभागों के बारे में पूछे गए सवालों के जवाब में कहा, ”मैं यहां कुछ मांगने नहीं आया हूं, मैं यहां मोदी जी का समर्थन करने आया हूं.” उन्होंने कहा कि मोदी के पास देश के विकास के लिए एक योजना है, जिसे पिछले 10 वर्ष में सफलतापूर्वक लागू किया गया है, जबकि विपक्षी गठबंधन का एक ही एजेंडा मोदी को हटाना था.

शिंदे ने कहा, ”विपक्ष का एक ही एजेंडा था… मोदी हटाओ. वे लोग (विपक्ष) मोदी को भगाने की बात करते थे, लेकिन देश की जनता ने उन्हें सत्ता में आने से रोक दिया है. लोगों ने उन्हें उनकी जगह दिखा दी है.” महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की इस टिप्पणी पर कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ को सरकार बनाने की संभावनाएं तलाशनी चाहिए, शिंदे ने कहा, ”जिनके पास संख्या नहीं है वे सरकार बनाने का सपना देख रहे हैं. ये ‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने’ जैसा है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu