एनआईए ने भारत में हथियारों की तस्करी में संलिप्त ‘आतंकवादी-गैंगस्टर नेटवर्क’ के खिलाफ छापेमारी की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 27 Nov 2024 10:39 PM
एनआईए ने भारत में हथियारों की तस्करी में संलिप्त ‘आतंकवादी-गैंगस्टर नेटवर्क’ के खिलाफ छापेमारी की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने देश में हथियार और गोला-बारूद की तस्करी संबंधी आतंकी संगठनों की साजिश की जांच के तहत बुधवार को कई राज्यों में नौ स्थानों पर छापेमारी की. एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई.
बयान के मुताबिक, एनआईए की कई टीम ने हरियाणा के पलवल, फरीदाबाद और गुरुग्राम जिलों, पंजाब के जालंधर जिले और उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में ‘आतंकवादी-गैंगस्टर नेटवर्क’ मामले में संदिग्धों के परिसरों की तलाशी ली.

जांच एजेंसी द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि तलाशी के दौरान मोबाइल/डिजिटल उपकरण, बैंकों के लेनदेन और संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों सहित कई आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गईं. बयान में कहा गया है, ”आतंकवादी-गैंगस्टर गठजोड़ मामले में बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए एनआईए ने बुधवार को पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में नौ स्थानों पर दविंदर बंबीहा गिरोह के सहयोगियों से जुड़े परिसरों पर व्यापक तलाशी ली.” अधिकारियों ने बताया कि कुख्यात बदमाश बंबीहा 2016 में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था. उन्होंने बताया कि बंबीहा गिरोह के सदस्यों को जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके साथियों का प्रतिद्वंद्वी माना जाता है. जांच एजेंसी ने बताया कि बुधवार की तलाशी एनआईए की उन आतंकी संगठनों पर लगातार कार्रवाई का हिस्सा थी जो भारत में हथियार, गोला-बारूद, मादक पदार्थ आदि की तस्करी करने में संलिप्त हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu