हिमाचल में सरकार बनाने की औपचारिकताओं के बारे में पर्यवेक्षक फैसला करेंगे: खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 08 Dec 2022 07:50 PM
हिमाचल में सरकार बनाने की औपचारिकताओं के बारे में पर्यवेक्षक फैसला करेंगे: खरगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत पर नेताओं, कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का आभार जताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि राज्यपाल से मिलने का समय मांगने और सरकार गठन की दूसरी औपचारिकताओं के बारे में फैसला पर्यवेक्षक करेंगे.

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा हिमाचल प्रदेश के लिए कांग्रेस के पर्यवेक्षक बनाए गए हैं. ये दोनों नेता और कांग्रेस के हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक करेंगे. खरगे ने संवददाताओं से कहा, ‘‘सभी मतदाताओं को धन्यवाद देता हूं. कार्यकर्ताओं और नेताओं के प्रयास से यह नतीजा आया है. मैं प्रियंका गांधी जी का धन्यवाद करता हूं. राहुल गांधी जी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का भी योगदान रहा.’’

सरकार गठन की औपचारिकताओं और राज्यपाल से मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इस बारे में पर्यवेक्षक फैसला करेंगे. गुजरात में पार्टी की हार पर उन्होंने कहा, ‘‘जहां हारे हैं उसे स्वीकार करेंगे, जहां जीते हैं वहां बधाई देगें. लोकतंत्र में हार-जीत होती रहती है. हम देखेंगे- जहां कमियां होंगी, उन्हें दूर करेंगे.’’

हिमाचल में हर वादा जल्द से जल्द निभाएंगे: राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत पर प्रदेश की जनता का धन्यवाद करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि जनता से किया हर वादा जल्द से जल्द निभाया जाएगा. उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘हिमाचल प्रदेश की जनता को इस निर्णायक जीत के लिए दिल से धन्यवाद. सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को हार्दिक बधाई. आपका परिश्रम और समर्पण इस विजय की शुभकामनाओं का असली हकदार है. फिर से आश्वस्त करता हूं, जनता को किया हर वादा जल्द से जल्द निभाएंगे.

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध शाम चार बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, कांग्रेस 68 सदस्यीय विधानसभा में 26 सीट जीत चुकी है और 13 सीट पर आगे है. भाजपा 15 सीट जीत चुकी है और 11 सीट पर आगे है. तीन सीट पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu