भुवनेश्वर. ओडिशा में विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने प्रभावशाली लोगों को ‘ब्लैकमेल’ करने के मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है. दोनों पार्टियों ने राज्य में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) पर मामले में शामिल लोगों को बचाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है. भाजपा ने मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग करते हुए आरोप लगाया है कि राज्य के कई मंत्री इसमें शामिल हैं.
भाजपा के महिला मोर्चे की अध्यक्ष स्मृति पटनायक ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘पुलिस मामले की उचित जांच करने में पूरी तरह से विफल रही है, जिसमें बताया जा रहा है कि राज्य के मंत्री सहित सत्तारूढ़ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं. पुलिस के ‘ब्लैकमेंिलग’ गिरोह से जुड़े सभी लोगों के नामों का खुलासा न करने से संदेह और बढ़ गया है.’’
पुलिस के मुताबिक, कालाहांडी की रहने वाली 26 वर्षीय महिला को पिछले सप्ताह एक लड़की और ओडिया फिल्मों के एक निर्माता को ब्लैकमेल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. पुलिस ने महिला, उसके पति और अन्य व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और सूचना एवं प्रौद्योगिकी कानून की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है.
पुलिस ने बताया कि महिला ने कथित तौर पर सोशल मीडिया पर इन लोगों से दोस्ती की थी और उनके साथ अंतरंग तस्वीरें लेने के बाद उन्हें ‘ब्लैकमेल’ करती थी. पटनायक ने आरोप लगाया कि मामले में महिला का पति भी शामिल था, जिसे गिरफ्तार न करके पुलिस उसे सबूत मिटाने का मौका दे रही है.
पटनायक ने कहा, ‘‘ऐसा प्रतीत होता है कि इस गिरोह में सत्ताधारी दल और राज्य सरकार की सीधी संलिप्तता है. दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है. यह मामला सीबीआई को सौंपे जाने के लिए उपयुक्त है, क्योंकि राज्य पुलिस इसकी जांच करने में असमर्थ है.’’ वहीं, कांग्रेस ने अदालत की निगरानी में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा मामले की जांच कराए जाने की मांग की.
कांग्रेस नेता देवाशीष पटनायक ने आरोप लगाया, ‘‘सत्तारूपढ़ पार्टी के कई सदस्य मामले में शामिल हैं और ब्लैकमेल कर करोड़ों रुपये वसूलने वाली महिला व उसके पति को बचाने की कोशिश कर रहे हैं.’’ हालांकि, बीजद ने आरोपों को खारिज करते हुए कांग्रेस और भाजपा से मामले में शामिल उसके नेताओं के खिलाफ सबूत पेश करने को कहा. बीजद प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने कहा, ‘‘अगर भाजपा के पास कोई भी तस्वीर या अन्य कोई सबूत हैं तो आरोप लगाने के बाजय उसे सार्वजनिक रूप से पेश करे. मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि मामले में बीजद की संलिप्तता साबित करके दिखाएं.’’