जम्मू में विशेष बलों के अभियान में एक आतंकवादी ढेर, अभियान जारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 28 Oct 2024 08:57 PM
जम्मू में विशेष बलों के अभियान में एक आतंकवादी ढेर, अभियान जारी

ऑडियो सुनें

जम्मू. जम्मू-कश्मीर के अखनूर सेक्टर के एक गांव में सेना के काफिले पर हमला करने वाले आतंकवादियों के समूह को मार गिराने के लिए भेजे गए विशेष बलों के अभियान में सोमवार को एक आतंकवादी मारा गया. सेना की जम्मू स्थित व्हाइट नाइट कोर ने अभियान के बारे में जानकारी देते हुए कहा, “एक आतंकवादी का शव और हथियार बरामद कर लिया गया है. अभियान जारी है.”

अधिकारियों ने बताया कि लगभग तीन आतंकवादियों ने सुबह करीब साढ़े छह बजे सेना के काफिले पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई. उन्होंने बताया कि आतंकवादियों की गोलीबारी में सेना की एक एम्बुलेंस को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा.
अधिकारियों के मुताबिक, गोलीबारी के बाद आतंकवादी जवाबी कार्रवाई के डर से पास के जंगलों में भाग गए. उन्होंने बताया कि बाद में आतंकवादियों के एक ‘बेसमेंट’ में छिपे होने की जानकारी मिली.

अधिकारियों के अनुसार, सेना के विशेष बलों और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के जवानों को मौके पर भेजा गया, जिसके बाद दोपहर करीब 2.45 बजे तेज धमाके की आवाज सुनाई दी और गोलीबारी भी शुरू हो गई. उन्होंने बताया कि एक निगरानी हेलीकॉप्टर को आसमान में मंडराते हुआ देखा गया.

आतंकवादियों ने सेना की एम्बुलेंस पर गोलियां चलायीं, मुठभेड़ शुरू
जम्मू के अखनूर सेक्टर में नियंत्रण रेखा के समीप एक गांव से गुजर रहे सेना के काफिले में शामिल एक एम्बुलेंस पर सोमवार को आतंकवादियों के एक समूह ने गोलीबारी की. अधिकारियों ने बताया कि एम्बुलेंस में मौजूद सेना के जवान बाल-बाल बच गए. हाल में सीमा पार से घुसपैठ कर भारत में घुसे आतंकवादी सैनिकों की जवाबी कार्रवाई की आशंका से नजदीकी जंगल में भाग गए.

उन्होंने बताया कि आतंकवादियों का पता लगाने तथा उन्हें ढेर करने का अभियान जारी है और इलाके में अतिरिक्त बलों को भेजा गया है. एम्बुलेंस पर करीब 12 गोलियां चलायी गयीं. अधिकारियों ने बताया कि खौर के भट्टल इलाके में तलाश अभियान शुरू किया गया. इससे पहले आतंकवादियों ने आज तड़के जोगवान में आसन मंदिर के समीप मुख्य सड़क से गुजर रहे सेना के वाहनों पर गोलियां चलायी थीं. बहरहाल, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.

सेना की जम्मू स्थित व्हाइट नाइट कोर ने कहा कि आतंकवादियों ने सुबह सेना के वाहनों के काफिले पर गोलियां चलायीं. उसने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”हमारे सैनिकों की त्वरित प्रतिक्रिया से आतंकवादियों का प्रयास नाकाम हो गया और कोई हताहत नहीं हुआ है. इलाके की घेराबंदी कर दी गयी है और आतंकवादियों के सफाये के लिए एक तलाश अभियान जारी है.” पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि आतंकवादियों की संख्या तीन है. उन्हें जम्मू जिले के अखनूर इलाके में भट्टल के आसन मंदिर के समीप देखा गया.

उन्होंने एक बयान में कहा, ”आतंकवादियों ने सेना की एम्बुलेंस पर गोलियां चलायीं. इलाके की घेराबंदी कर दी गयी और पुलिस तथा सुरक्षाबलों ने एक तलाश अभियान शुरू किया है.” अधिकारियों के अनुसार, आतंकवादी एक मंदिर में घुसे और वे किसी को फोन करने के लिए मोबाइल फोन तलाश रहे थे तभी उन्होंने एम्बुलेंस को गुजरते देखा और गोलियां चलानी शुरू कर दी. उन्होंने बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि आतंकवादी गत रात सीमा पार कर जम्मू में घुसे थे.

By Yogesh Kumar Sahu