राजीव गांधी के लिए ऐसे शब्द कोई ‘सिरफिरा’ ही कह सकता है: अशोक गहलोत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 06 Mar 2025 09:27 PM
राजीव गांधी के लिए ऐसे शब्द कोई ‘सिरफिरा’ ही कह सकता है: अशोक गहलोत

ऑडियो सुनें

जयपुर. राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी पर आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर की निंदा की और कहा कि यह बयान अय्यर की ‘हताशा’ की पराकाष्ठा को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के लिए ऐसे शब्द कोई ‘सिरफिरा’ ही कह सकता है.

गहलोत ने यहां संवाददाताओं से कहा, “जिस रूप से राजीव गांधी के बारे में अचानक टिप्पणियां (अय्यर की टिप्पणी) की गयी हैं, वह हताशा की पराकाष्ठा हैं. इतनी हताशा में व्यक्ति क्या बोलता है, उसको खुद को ही समझ में नहीं आता.” उन्होंने कहा, “कोई सिरफिरा व्यक्ति ही राजीव गांधी को लेकर ऐसी बात बोल सकता है. उन्होंने (राजीव गांधी ने) दुनिया के मुल्कों में भारत का मान बढ़ाया.” गहलोत ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्यकाल में जो कानून पारित किए गए वे इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिख गए और उस व्यक्ति के बारे में टिप्पणियों की जितनी निंदा की जाए कम है.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने बुधवार को ‘एक्स’ पर एक वीडियो क्लिप साझा किया, जिसमें अय्यर को यह दावा करते हुए सुना जा सकता है कि राजीव गांधी को इंग्लैंड में शैक्षणिक रूप से परेशानी का सामना करना पड़ा.
उन्होंने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा, “जो व्यक्ति (राजीव गांधी) हवाई जहाज का पायलट था और दो बार विफल रहा, वह प्रधानमंत्री कैसे बन सकता है?”

By Yogesh Kumar Sahu