विपक्ष ने मुझे ‘एक्सीडेंटल सीएम’ करार दिया, किंतु मैंने अपनी नेतृत्व क्षमता साबित की: प्रमोद सावंत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 29 Dec 2022 09:50 PM
विपक्ष ने मुझे ‘एक्सीडेंटल सीएम’ करार दिया, किंतु मैंने अपनी नेतृत्व क्षमता साबित की: प्रमोद सावंत
ऑडियो सुनें

पणजी. गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बृहस्पतिवार को कहा कि विपक्ष ने शुरू में उन्हें ‘‘एक्सीडेंटल सीएम’’ (संयोगवश बना मुख्यमंत्री) करार दिया, लेकिन उन्होंने ‘‘बेहद नाजुक’’ परिस्थितियों में राज्य का नेतृत्व करके अपनी क्षमता साबित की और गोवा की प्रगति सुनिश्चित की.

इस साल फरवरी में हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री बने सावंत ने वर्ष 2022 को ‘‘बहुत खास’’ वर्ष करार दिया, क्योंकि इस साल उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता साबित की.
वरिष्ठ भाजपा नेता मनोहर र्पिरकर के निधन के बाद गोवा के मुख्यमंत्री के रूप में सावंत का पहला कार्यकाल मार्च 2019 में शुरू हुआ था.

सावंत ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘2019 में जब मैंने मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला, तो विपक्ष ने शुरू में मुझे एक ‘एक्सीडेंटल सीएम’ कहा था. फिर हम उपचुनाव और लोकसभा चुनाव जीते और उसके बाद हम चुनाव जीतते रहे.’’ उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद संदेह का कोई स्थान नहीं है.

भाजपा ने गोवा की 40 में से 20 सीट पर जीत हासिल की और तीन निर्दलीय और महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के दो विधायकों के साथ हाथ मिलाकर सरकार बनाई. मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘वर्ष 2022 मेरे लिए एक नयी शुरुआत थी, क्योंकि मैंने दूसरी बार शपथ ली. मैंने धीरे-धीरे प्रगति की है और राज्य भी मेरे साथ आगे बढ़ा है.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu