पुणे में दर्शकों के प्यार से अभिभूत हूं : एआर रहमान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 02 May 2023 07:36 PM
पुणे में दर्शकों के प्यार से अभिभूत हूं : एआर रहमान
ऑडियो सुनें

चेन्नई. संगीतकार एआर रहमान (56) ने पुणे में पुलिस द्वारा रात दस बजे की समय सीमा को पार करने के कारण संगीत कार्यक्रम रोके जाने के एक दिन बाद कहा कि शहर में दर्शकों के लिए प्रस्तुति देने के बाद उनके लिए ‘रॉकस्टार पल’ था. उन्होंने सोमवार रात ट्वीट कर कहा, “क्या हम सभी ने कल मंच पर ‘रॉकस्टार’ पल देखा? मुझे लगता है कि हमने देखा. हम दर्शकों के प्यार से अभिभूत थे… हम और भी ज्यादा प्रदर्शन कर सकते थे. पुणे, ऐसी यादगार शाम के लिए एक बार फिर धन्यवाद.” उन्होंने रविवार शाम पुणे के राजा बहादुर मिल्स में आयोजित लाइव कन्सर्ट का एक वीडियो भी साझा किया.

रविवार के संगीत कार्यक्रम के बाद, सोशल मीडिया मंच पर एक वीडियो प्रसारित हुआ जिसमें एक पुलिस अधिकारी ने मंच पर आकर रहमान, अन्य कलाकारों और आयोजकों से कार्यक्रम रोकने को कह रहा है क्योंकि समय रात के दस बजे से ज्यादा हो गये थे.
हालांकि, रहमान के एक करीबी सहयोगी ने सोमवार को कहा कि पुलिस पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित रहमान पर उंगली उठाने के बजाय आयोजकों से बात कर सकती थी.

उन्होंने कहा, “रात 10 बजे कर्फ्यू का समय था लेकिन उन्होंने (रहमान) कहा कि यह आखिरी गाना है और केवल एक मिनट बचा है. फिर भी पुलिस अधिकारी मंच पर गए और एआर (रहमान) को सीधे रुकने के लिए कहा और उस पर उंगली उठाई. पुलिस को आयोजकों से बात करनी चाहिए थी.” कार्यक्रम के आयोजक डॉ हेरंब शेल्के ने कहा कि शो को इस तरह रोकना रहमान के लिए अपमानजनक था. उन्होंने कहा कि इसे “सभ्य तरीके” से किया जा सकता था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu