
पलक्कड़: केरल की पलक्कड़ विधानसभा सीट पर बुधवार को हो रहे उपचुनाव के तहत मतदान में तेजी देखने को मिली और मतदान शुरू होने के तीन घंटे बाद सुबह 10.30 बजे तक 20.50 प्रतिशत मतदान हुआ।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार मतदान के शुरुआती घंटे में सुबह आठ बजे तक केवल 1.11 प्रतिशत मतदान हुआ, जो सुबह साढ़े आठ बजे बढक़र 6.76 प्रतिशत हो गया तथा करीब साढ़े नौ बजे 13.63 प्रतिशत पर पहुंच गया।
पलक्कड़ विधानसभा क्षेत्र के 184 मतदान केंद्रों पर लोग सुबह से पहुंचने लगे। पलक्कड़ निर्वाचन क्षेत्र के 1.9 लाख से अधिक मतदाता 10 उम्मीदवारों में से एक प्रतिनिधि का चुनाव करेंगे। पलक्कड़ सीट से 10 उम्मीदवारों में से प्रमुख दावेदार कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के राहुल ममकूटाथिल, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार सी. कृष्णकुमार और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के उम्मीदवार पी. सरीन हैं।
कांग्रेस विधायक शफी परमबिल के वडकारा निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद इस सीट पर उपचुनाव की आवश्यकता हुई।



