आंकड़ों के खेल में माहिर है पंत, उसका अपना कम्प्यूटर है : शास्त्री

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 22 Jun 2025 09:19 PM
आंकड़ों के खेल में माहिर है पंत, उसका अपना कम्प्यूटर है : शास्त्री
ऑडियो सुनें

लीड्स. भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने यहां इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में ऋषभ पंत के साहसिक और मनोरंजक प्रदर्शन के बाद कहा कि यह आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज आंकड़ों का खेल खूबसूरती से खेलता है और उसके पास अपना कंप्यूटर है जिसे चलाने का तरीका सिर्फ उसे ही पता है .

पंत ने दूसरे दिन अपनी अपारंपरिक बल्लेबाजी से हेडिंग्ले के दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करते हुए मात्र 178 गेंदों पर 12 चौकों और छह छक्कों की मदद से 134 रन की साहसिक पारी खेली. पैडल स्वीप, शतक के बाद की कलाबाजी, पंत की यादगार पारी में कलात्मकता और पागलपन दोनों ही समान रूप से देखने को मिले.

शास्त्री ने स्काय स्पोटर्स से कहा ,” पंत आंकड़ों के खेल को खूबसूरती से खेलता है . वह अपने तरीके से खेलता है . वह तेजी से अपने खेल में बदलाव लाने में माहिर है .” उन्होंने कहा ,” उसका अपना कम्प्यूटर है और उसे ही पता है कि वह कैसे काम करता है . यह उसका यूएसपी है . इससे गेंदबाज दबाव में आते हैं और वह सुपरहिट हो जाता है . असली मनोरंजन करने वाला और मैच विनर .” तीन साल पहले भयानक कार दुर्घटना में बाल बाल बचे पंत ने मैदान पर सफल वापसी की .

इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में शतक जमाने के बाद मैदान पर गुलाटी मारने वाले पंत के जश्न के बारे में शास्त्री ने कहा ,” इसका एक कारण है . वह इस मौके के लिये ऊपर वाले को धन्यवाद दे रहा था .” उन्होंने कहा ,” उस हादसे से उबरकर वापसी करने का इससे गहरा ताल्लुक है . जब मैने उसे अस्पताल में देखा था तो बहुत अच्छी हालत में वह नहीं था . घुटने टूटे हुए, हर तरफ चोट ही चोट .” सर्रे के पूर्व क्रिकेटर इयान वार्ड ने कमेंट्री के दौरान कहा ,” यह (पंत) बाक्स आफिस है . सबसे मनोरंजक क्रिकेटरों में से एक . यह शतक के बेहतरीन जश्न में से है .” आस्ट्रेलिया में श्रृंखला में मिली हार के दौरान खराब स्कूप शॉट पर विकेट गंवाने वाले पंत के बारे में महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने कहा था ,” स्टुपिड , स्टुपिड , स्टुपिड .” लेकिन शनिवार को उन्होंने पंत के शतक के बाद कहा ,” सुपर्ब , सुपर्ब ,सुपर्ब .”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu