पवार ने विधान पार्षदों की नियुक्ति पर देरी पर प्रधानमंत्री से बात की होगी : अजित, जयंत पाटिल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 06 Apr 2022 07:58 PM
पवार ने विधान पार्षदों की नियुक्ति पर देरी पर प्रधानमंत्री से बात की होगी : अजित, जयंत पाटिल
ऑडियो सुनें

मुंबई. महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने राज्यपाल कोटे से राज्य विधान परिषद में 12 सदस्यों की नियुक्ति में देरी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से चर्चा की होगी.
महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के नेताओं के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई तेज होने के बीच शरद पवार संसद में प्रधानमंत्री कार्यालय में मोदी से मिले, जिससे कई तरह की अटकलें लगाई जाने लगी.

अहमदनगर में पत्रकारों द्वारा बैठक के बारे में पूछे जाने पर अजित पवार ने कहा कि उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है, लेकिन देश के प्रधानमंत्री और किसी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ‘‘विकास कार्यों को लेकर मिल सकते हैं.’’ शरद पवार के भतीजे अजित ने कहा, ‘‘हमने हाल में पवार साहब को बताया था कि महाराष्ट्र सरकार ने कई बार राज्यपाल से 12 विधान पार्षदों को मनोनीत करने का अनुरोध किया है. हमने उनसे (पवार) दिल्ली में इसके बारे में बात करने का अनुरोध किया था. हो सकता है कि वह इस मुद्दे पर (प्रधानमंत्री से) मिले हों.’’ जल संसाधन मंत्री और राकांपा की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख जयंत पाटिल ने भी कहा कि बैठक में यह मुद्दा उठा होगा.

पाटिल ने मुंबई में संवाददाताओं से कहा, ‘‘राज्यपाल की ओर से इस तरह की देरी महाराष्ट्र में कभी नहीं देखी गई… इसलिए हमने पवार साहब से अनुरोध किया था कि वे इसे उच्चतम स्तर पर संज्ञान में लाएं. उन्होंने इस मुद्दे को उठाने के लिए प्रधानमंत्री से मुलाकात की होगी.’’ शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस गठबंधन की सरकार द्वारा महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत ंिसह कोश्यारी को एक साल से अधिक समय पहले सिफारिशों की सूची भेजने के बावजूद उन्होंने अपने कोटे से राज्य विधानमंडल के उच्च सदन में 12 सदस्यों को अब तक नियुक्त नहीं किया है.

पवार और मोदी के बीच बैठक ऐसे वक्त भी हुई है जब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों के संबंध में राकांपा नेता और महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख को हिरासत में लिया है.
मंगलवार को, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कुछ भूमि सौदों से जुड़े धन शोधन की जांच में शिवसेना नेता संजय राउत की पत्नी और उनके दो सहयोगियों की 11.15 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu