पूर्ण राज्य की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन हुआ हिंसक, पथराव-आगजनी के बाद लाठीचार्ज

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 24 Sep 2025 04:05 PM
पूर्ण राज्य की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन हुआ हिंसक, पथराव-आगजनी के बाद लाठीचार्ज
ऑडियो सुनें

लेह: छठी अनुसूची के तहत विशेष दर्जा और लद्दाख को राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर हो रहे बंद और बड़े प्रदर्शन के दौरान लेह में हालात तनावपूर्ण हो गए। प्रदर्शन के दौरान कुछ युवाओं के उग्र हो जाने के बाद पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने और लाठीचार्ज करना पड़ा।

प्रदर्शन केंद्र सरकार के साथ प्रस्तावित वार्ता को जल्द कराने की मांग को लेकर किया जा रहा था। लेह एपेक्स बॉडी और करगिल डेमोक्रेटिक अलायंस के प्रतिनिधियों और केंद्र सरकार के बीच अगली वार्ता 6 अक्तूबर को प्रस्तावित है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि यह वार्ता जल्द कराई जाए और ठोस फैसले लिए जाएं।

इस बंद और प्रदर्शन का आह्वान लेह एपेक्स बॉडी की युवा शाखा ने तब किया जब 35 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे 15 में से दो लोगों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। भूख हड़ताल का नेतृत्व पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक कर रहे हैं, जो लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं।

प्रदर्शन के दौरान बीजेपी कार्यालय के बाहर एक सुरक्षा वाहन को आग के हवाले कर दिया गया। हालात को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है ताकि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बहाल की जा सके।

प्रशासन ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है और आंदोलनकारियों से बातचीत के जरिए हल निकालने की उम्मीद जताई है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital