पश्चिम बंगाल के लोग ममता बनर्जी के ‘कुशासन’ से मुक्ति चाहते हैं: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 14 Nov 2025 09:22 PM
पश्चिम बंगाल के लोग ममता बनर्जी के ‘कुशासन’ से मुक्ति चाहते हैं: भाजपा
ऑडियो सुनें

कोलकाता. बिहार में राजग की जीत के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई ने शुक्रवार को दावा किया कि पार्टी के पक्ष में लहर अब पड़ोसी राज्य तक पहुंचेगी, जहां लोग ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार के ”कुशासन” से मुक्ति चाहते हैं.
भाजपा की राज्य इकाई के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास’ आने वाले दिनों में बिहार और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित अन्य राज्यों में विकास का मार्ग प्रशस्त करता रहेगा.

पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”बिहार में जनता के समर्थन की यह प्रचंड लहर पश्चिम बंगाल भी पहुंचेगी. बंगाल की जनता बदलाव चाहती है. बंगाल की जनता तृणमूल के अभिशाप से मुक्ति चाहती है. वे विकास और रोजगार चाहते हैं.” उन्होंने कहा, ”बंगाल फिर से भारत में सर्वश्रेष्ठ बनना चाहता है. और यह केवल भाजपा के नेतृत्व में ही संभव है… 2026 का चुनाव. तृणमूल का अंत.” पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने बिहार चुनाव परिणाम को ”लोकतंत्र और विकास के लिए एक उत्साहवर्धक क्षण” बताया.

अधिकारी ने कहा, ”बिहार की जनता ने बहुत स्पष्टता से अपनी बात रखी है और राजग को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व प्रचंड जनादेश दिया है.” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राजग ने कल्याण, बुनियादी ढांचे और सशक्तीकरण, विशेषकर ”नारी शक्ति” पर ध्यान केंद्रित करके हर चुनौती का सामना किया है.

अधिकारी ने कहा, ”भविष्य में ‘सबका साथ, सबका विकास’ मंत्र बिहार और राजग शासित अन्य राज्यों के लिए उज्ज्वल एवं अधिक समृद्ध कल का मार्ग प्रशस्त करता रहेगा.” उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि बिहार और ओडिशा उपचुनाव में राजग की शानदार जीत के बाद बंगाल अगले साल भाजपा की शानदार जीत देखने वाला अगला राज्य होगा. ‘मिशन बंगाल’ टैगलाइन के साथ एक पोस्ट में, केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा, ”अब समय आ गया है कि तृणमूल कांग्रेस को हटाकर बंगाल के जंगलों को साफ किया जाये.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu