जुबिन गर्ग की मौत की जांच कर रहे न्यायिक आयोग के साथ सहयोग करें लोग: हिमंत विश्व शर्मा

ओसामा शहाब की जीत 'हिंदुओं की हार' होगी: हिमंत विश्व शर्मा

गुवाहाटी/सीवान. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को कहा कि लोगों को दिवंगत गायक जुबिन गर्ग की रहस्यमयी मौत की जांच के लिए गठित न्यायिक आयोग के सहयोग के लिए आगे आना चाहिए. गुवाहाटी उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सौमित्र सैकिया की अध्यक्षता वाले न्यायिक आयोग ने सोमवार को अपनी जांच शुरू की लेकिन पहले दिन कोई भी बयान दर्ज कराने के लिए आगे नहीं आया.

हिमंत ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “हमारे प्रिय जुबिन गर्ग की दुखद मौत के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों की जांच के वास्ते माननीय उच्च न्यायालय के एक वर्तमान न्यायाधीश की अध्यक्षता में न्यायिक आयोग गठित करने का राज्य सरकार का फैसला सच और न्याय की खोज में एक बड़ा कदम है.” उन्होंने लिखा, “हमें आयोग की कार्यवाही में पूर्ण सहयोग करना चाहिए और सक्रिय रूप से हिस्सा लेना चाहिए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि हर तथ्य सामने आए और सबसे पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से न्याय हो.” जुबिन की 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई थी. वह चौथे पूर्वोत्तर भारत महोत्सव (एनईआईएफ) में हिस्सा लेने के लिए सिंगापुर गए थे.

हिमंत ने सोमवार को दावा किया था कि जुबिन की सिंगापुर में हत्या की गयी. मामले की जांच कर रहे न्यायिक आयोग ने एक सार्वजनिक नोटिस जारी कर बताया कि उसने तीन नवंबर से 21 नवंबर तक संबंधित पक्षों से हलफनामे स्वीकार करने का फैसला किया है. असम सरकार ने तीन अक्टूबर को न्यायिक आयोग का गठन किया था जिसे अगले छह महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया गया है.

न्यायिक आयोग सिंगापुर में जुबिन की दुर्भाग्यपूर्ण मौत के जिम्मेदार “तथ्यों और परिस्थितियों” की जांच करेगा. वह इस बात का भी पता लगाएगा कि क्या घटना के संबंध में किसी व्यक्ति, प्राधिकारी या संस्था की ओर से कोई चूक, गलती या लापरवाही हुई.
आयोग “यह भी जांच करेगा कि क्या घटना में किसी बाहरी कारक, जिसमें गड़बड़ी, साजिश या गैरकानूनी कृत्यों की आशंका शामिल है, की भी कोई भूमिका थी.” जुबिन की मौत के सिलसिले में कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है जो फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं. इन लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत हत्या, गैर-इरादतन हत्या, आपराधिक षड्यंत्र और लापरवाही से मौत का कारण बनने का मामला दर्ज किया गया है.

ओसामा शहाब की जीत ‘हिंदुओं की हार’ होगी: हिमंत विश्व शर्मा

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्च शर्मा ने मंगलवार को कहा कि यदि बिहार के सीवान जिले की रघुनाथपुर विधानसभा सीट से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रत्याशी ओसामा शहाब जीतते हैं तो यह ”हिंदुओं की हार” होगी. उन्होंने यह भी कहा कि दिवंगत बाहुबली नेता मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा का नाम ओसमा बिन लादेन के नाम से मिलता है.

शर्मा यहां रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी सभा में कहा, ”जब मैं रघुनाथपुर आ रहा था तो मुझे लगा कि यह वह भूमि है जो भगवान राम और माता सीता की स्मृति जुड़ी है. लेकिन यहां आकर पता चला कि इस क्षेत्र में एक ‘ओसामा’ भी हैंङ्घ इनके पिता शहाबुद्दीन ने हत्याओं का रिकॉर्ड बनाया था. संभव है कि यह बचपन में खिलौनों से नहीं बल्कि एके-47 से खेला हो.” उन्होंने दावा किया, “अगर ऐसा ‘ओसामा’ रघुनाथपुर से जीतता है तो यह हिंदुओं की हार होगी.”

भाजपा नेता का कहना था, ”मैं 14 नवंबर को असम के कामाख्या मंदिर के द्वार पर बैठकर इस सीट के नतीजे देखूंगा. मुझे भरोसा है कि आप लोग ओसामा को उसी तरह पराजित करेंगे जैसे आपने लोकसभा चुनाव में उनकी मां हीना शहाब को हराया था.” भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शर्मा ने कहा कि वह एक ऐसे राज्य के मुख्यमंत्री हैं जहां “40 प्रतिशत आबादी मुस्लिम है और उनमें से बड़ी संख्या घुसपैठियों की है.” उन्होंने इसके लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया, जिससे उन्होंने करीब एक दशक पहले नाता तोड़ा था.

उन्होंने कहा, “जब मैं मुख्यमंत्री बना तो मुझे बताया गया कि घुसपैठिए एक लाख एकड़ भूमि पर कब्जा किए हुए हैं. मुझे गर्व है कि मैंने 50 हजार एकड़ जमीन मुक्त कराई. ये घुसपैठिए हमारी महिलाओं के लिए भी खतरा हैं. कांग्रेस सरकार मदरसों के शिक्षकों के वेतन का खर्च उठा रही थी, मैंने इसे बंद कर दिया. सरकार का काम डॉक्टर और इंजीनियर तैयार करना है, मुल्ला नहीं.” शर्मा ने आगे कहा, “इस महीने के अंत तक मैं एक ऐसा कानून लाने जा रहा हूं जिसके तहत तीन या चार बार शादी करने वालों को जेल भेजा जाएगा. मैं यह दुकान बंद करने वाला हूं.” असम के मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले गठबंधन को वोट दें और “तेजस्वी-ओसामा की जोड़ी” से दूर रहें.

भाजपा नेता ने दावा किया कि बिहार में राजग की जीत सुनिश्चित है, क्योंकि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद देशभर में हिंदू जाग चुके हैं.” उन्होंने कहा, “जागृत हिंदुओं ने अयोध्या में बाबर और औरंगजेब की विरासत को पराजित कर भगवान राम के मंदिर का निर्माण कराया. अब वे ओसामा को भी पराजित करेंगे.” शर्मा ने विपक्षी दलों पर यह आरोप भी लगाया कि वे घुसपैठियों का संरक्षण कर रहे हैं और “राष्ट्रहित के खिलाफ खड़े हैं.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button