प्रधानमंत्री ने अधिक नौकरियों के सृजन के लिए मंत्रालयों के भर्ती नियमों में बदलाव पर जोर दिया: शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 03 May 2023 09:11 PM
प्रधानमंत्री ने अधिक नौकरियों के सृजन के लिए मंत्रालयों के भर्ती नियमों में बदलाव पर जोर दिया: शाह
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केंद्र सरकार के सभी मंत्रालयों में भर्ती नियमों में समय पर बदलाव पर जोर दिया है, जिससे अधिक नौकरियों के सृजन का मार्ग प्रशस्त हो सके. यहां तालकटोरा स्टेडियम में नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के 4,400 से अधिक अस्थायी कर्मचारियों को नियमित किए जाने को लेकर नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए शाह ने कहा कि मोदी ने कई क्षेत्रों में अनिश्चितताओं को खत्म करने के लिए भी काम किया है, इसलिए हर कोई कह रहा है ‘‘मोदी है तो मुमकिन है.’’

उन्होंने कहा, ‘‘निर्णय लेने की क्षमता के कारण पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और अब देश के प्रधानमंत्री के रूप में काम करते हुए मोदी ने कई क्षेत्रों में अनिश्चितताओं को समाप्त कर दिया है. इसका एक उदाहरण आपको मिले नियुक्ति पत्र हैं. इसलिए बच्चे हों, बुजुर्ग हों या युवा-सब कह रहे हैं कि मोदी है तो मुमकिन है.’’ शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने खुद केंद्र सरकार के सभी मंत्रालयों में भर्ती नियमों और शर्तों में समय पर बदलाव पर जोर दिया है, इसलिए ये नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं.

एनडीएमसी के नियमित कर्मचारियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में नियमितीकरण के माध्यम से उन्हें सम्मान और गौरव प्रदान किया गया है जो उनके लिए बहुत खुशी और संतोष की बात है. केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि नियमितीकरण की कमी का कारण यह है कि भर्ती नियम नहीं थे.

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और नई दिल्ली की सांसद मीनाक्षी लेखी, दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना, केंद्रीय गृह सचिव ए. के. भल्ला और दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार भी शामिल हुए. शाह ने पुष्प विहार में नगर निकाय के कर्मचारियों के लिए बनाए गए एनडीएमसी के 120 फ्लैट का लोकार्पण भी किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu