श्रीनगर. जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में रविवार को सुरक्षा बलों के दल पर आतंकवादियों के हमले में एक पुलिसकर्मी बलिदान हो गया, जबकि सीआरपीएफ का एक जवान घायल हो गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि हमले की घटना दक्षिणी कश्मीर जिले के पिंगलाना इलाके में हुई.
कश्मीर जोन की पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘पुलवामा के पिंगलाना में सीआरपीएफ और पुलिस के संयुक्त दल पर आतंकियों ने गोलीबारी की. इस आतंकी हमले में एक पुलिसकर्मी बलिदान हो गया और सीआरपीएफ का एक जवान घायल हो गया.’’ पुलिस ने कहा कि अतिरिक्त सुरक्षार्किमयों को मौके पर भेजा गया और इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस के एक प्रवक्ता ने बलिदान पुलिसकर्मी की पहचान जावेद अहमद डार के रूप में की है. उन्होंने कहा कि घायल जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्रवक्ता ने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे हैं.
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ड्यूटी के दौरान बलिदान होने वाले पुलिसकर्मी के सर्वोच्च बलिदान के लिए हम उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं. हम दुख की इस घड़ी में शहीद के परिवार के साथ खड़े हैं. हम घायल जवान के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं.’’ उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
इस बीच, जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने हमले की निंदा की. अब्दुल्ला ने ट्वीट किया, ‘‘इस हमले की निंदा करते हुए मैं आज ड्यूटी के दौरान अपने प्राण न्यौछावर करने वाले पुलिसकर्मी के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. मैं सीआरपीएफ के घायल जवान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.’’ पीपुल्स कॉन्फ्रेंस ने भी हमले की निंदा की है.