प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को भोपाल से पांच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 26 Jun 2023 07:42 PM
प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को भोपाल से पांच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/भोपाल. नरेन्द्र मोदी मंगलवार को मध्यप्रदेश का दौरा करेंगे और इस दौरान राजधानी भोपाल स्थित रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से पांच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से सोमवार को जारी एक बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री जिन पांच ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे, उनमें रानी कमलापति-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस, खजुराहो-भोपाल-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस, मडगांव (गोवा)-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस, धारवाड़-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस और हटिया-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं.

बयान में कहा गया है कि रानी कमलापति-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन महाकौशल क्षेत्र (जबलपुर) को मध्य प्रदेश के मध्य क्षेत्र (भोपाल) से जोड़ेगी. इससे, भेड़ाघाट, पचमढ.ी, सतपुड़ा आदि पर्यटन स्थलों की ओर आवाजाही सुलभ होगी. खजुराहो-भोपाल-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस मालवा क्षेत्र (इंदौर) और बुंदेलखंड क्षेत्र (खजुराहो) को मध्य क्षेत्र (भोपाल) से जोड़ेगी, जिससे दोनों क्षेत्रों के संपर्क में सुधार होगा. इससे महाकालेश्वर, मांडू, महेश्वर, खजुराहो, पन्ना जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों को लाभ मिलेगा.

मडगांव (गोवा)-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस गोवा की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस होगी. यह मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज र्टिमनस और गोवा के मडगांव स्टेशन के बीच चलेगी. धारवाड़-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस कर्नाटक के महत्वपूर्ण शहरों धारवाड़, हुबली और दावणगेरे को राज्य की राजधानी बेंगलुरु से जोड़ेगी.

बयान के अनुसार, इससे क्षेत्र में पर्यटकों, छात्रों, उद्योगपतियों आदि को बहुत लाभ होगा. हटिया-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस झारखंड और बिहार के लिए पहली वंदे भारत होगी. पीएमओ ने कहा कि पटना और रांची के बीच संपर्क बढ.ाने वाली यह ट्रेन पर्यटकों, छात्रों और व्यवसाइयों के लिए वरदान साबित होगी.

प्रधानमंत्री का शहडोल का कार्यक्रम भारी बारिश की संभावना के कारण स्थगित : चौहान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कहा कि भारी वर्षा की संभावना और उसके कारण होने वाली परेशानियों के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 27 जून को होने वाले शहडोल जिले के लालपुर और पकरिया दौरे को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है. लेकिन, उनके भोपाल के सभी कार्यक्रम यथावत रहेंगे.

चौहान ने यहां मीडिया से कहा, ”लालपुर में लाखों लोगों के प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना थी. लेकिन भारी वर्षा के अनुमान के बाद इतनी बड़ी संख्या में आने वाले लोगों की संभावित परेशानियों को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थगित किया गया है.” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री चाहते हैं कि भारी वर्षा के कारण लोगों को परेशानी न हो. उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री के शहडोल जिले के लालपुर और पकरिया आगमन की नई तिथि शीघ्र ही तय होगी.”

चौहान ने कहा, ”प्रधानमंत्री ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए इस कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया है. भोपाल के 27 जून के सभी कार्यक्रम यथावत रहेंगे.” गौरतलब है कि प्रधानमंत्री 27 जून को भोपाल में दो वंदे भारत ट्रेन – भोपाल-इंदौर और भोपाल-जबलपुर, को रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे.

इसके अलावा, प्रधानमंत्री भोपाल में ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ के संकल्प को लेकर देश के 3,000 बूथ भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे. इस दौरान प्रधानमंत्री देश के 10 लाख बूथों से डिजिटली जुड़े रहेंगे. इसी बीच, मुख्यमंत्री चौहान ने लाल परेड ग्राउंड पर प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया. वहीं, भाजपा के एक नेता ने कहा कि हालांकि, 27 जून को भोपाल में राजभवन से पुलिस कंट्रोल रूम तक मोदी का करीब 300 मीटर का रोड शो यहां हो रही भारी बारिश को देखते हुए रद्द कर दिया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu