
नयी दिल्ली आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने मंगलवार को उन खबरों का स्वागत किया, जिनमें दावा किया गया है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरियाणा में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी के साथ गठबंधन की संभावना में रुचि दिखाई है.
सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराना सभी विपक्षी दलों की प्राथमिकता है और गठबंधन के संबंध में कोई भी निर्णय आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल की मंजूरी से होगा. ऐसी कई खबरें आई हैं, जिनमें दावा किया गया कि सोमवार को कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में गांधी ने हरियाणा में विधानसभा चुनावों के लिए आप के साथ गठबंधन की संभावना के बारे में रुचि व्यक्त की.
हरियाणा की 90 विधानसभा सीट पर पांच अक्टूबर को मतदान होगा और आठ अक्टूबर को मतगणना होगी. सिंह ने कहा, ”भाजपा और उसकी नफरत की राजनीति तथा लोगों, किसानों और युवाओं के खिलाफ राजनीति को हराना हम सभी की प्राथमिकता है.” लांकि, सिंह ने कहा कि इस मुद्दे पर कोई भी आधिकारिक रुख आप के हरियाणा मामलों के प्रभारी संदीप पाठक और प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता द्वारा तय किया जाएगा. आप के वरिष्ठ नेता ने कहा, ”इस संबंध में कोई भी अंतिम निर्णय केजरीवाल की मंजूरी के बाद हरियाणा में संगठनात्मक और चुनाव संबंधी कार्यों से जुड़े हमारे नेताओं द्वारा लिया जाएगा.”
दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा कि केजरीवाल के रिहा होने के बाद ही इस पर फैसला लिया जाएगा. उन्होंने एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा, ”राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं से राय मांगी है और केवल वे ही इसका जवाब दे सकते हैं. हमें मीडिया से इस बारे में पता चला है. जहां तक ??गठबंधन की बात है, तो अरविंद केजरीवाल के रिहा होने के बाद ही इस पर फैसला लिया जाएगा.” हालांकि, हरियाणा में कांग्रेस नेताओं ने राज्य में आप के साथ किसी भी गठबंधन की संभावना को खारिज कर दिया है.
हरियाणा में गठबंधन के लिए आप से बातचीत जारी, लेकिन कुछ तय नहीं: कांग्रेस
कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि वह हरियाणा में गठबंधन के लिए आम आदमी पार्टी (आप) के साथ बातचीत कर रही है, लेकिन अभी तक कुछ भी तय नहीं हुआ है. इससे पहले आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने उन खबरों का स्वागत किया, जिनमें दावा किया गया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरियाणा में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी के साथ गठबंधन की संभावना में रुचि दिखाई है.
ऐसी कई खबरें आई हैं, जिनमें दावा किया गया कि सोमवार को कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में गांधी ने हरियाणा में विधानसभा चुनावों के लिए आप के साथ गठबंधन की संभावना के बारे में रुचि व्यक्त की. आप के साथ गठबंधन की संभावना के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी महासचिव दीपक बाबरिया ने कहा, ”हम आम आदमी पार्टी के साथ बातचीत कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कुछ भी अंतिम रूप नहीं दिया गया है. जैसे ही कुछ तय हो जाएगा, हम आपको सूचित करेंगे.”
एक अन्य सवाल पर बाबरिया ने कहा, ”हमें भाजपा को हराना है और वोटों को बंटने नहीं देना है.” यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस हरियाणा विधानसभा चुनाव में पहलवान विनेश फोगट को मैदान में उतारेगी, बाबरिया ने कहा, ”कल तक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी.” कांग्रेस की सीईसी की सोमवार को बैठक हुई थी, जिसमें हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 34 उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया गया था.
बाबरिया ने कहा था, ”हरियाणा के लिए सीईसी की बैठक हुई. राज्य की स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा 49 नामों की सूची पेश की गई, जिनमें से 34 को मंजूरी दे दी गई है और 15 लंबित हैं.” हरियाणा की 90 विधानसभा सीट के लिये पांच अक्टूबर को मतदान होगा और मतगणना आठ अक्टूबर को होगी.



