राहुल ‘फर्जी’ गांधी हैं, देश को बदनाम करने के लिए विदेशी धरती का इस्तेमाल कर रहे: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 31 May 2023 09:11 PM
राहुल ‘फर्जी’ गांधी हैं, देश को बदनाम करने के लिए विदेशी धरती का इस्तेमाल कर रहे: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर अमेरिका में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधने वाली टिप्पणी को लेकर जोरदार हमला किया और उन्हें’फर्जी गांधी’ करार देते हुए कहा कि वह ‘कुछ नहीं जानते’ लेकिन हर विषय के विशेषज्ञ बन गए हैं.

अमेरिकी में कैलिफोर्निया के सांता क्लारा में ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस यूएसए’ द्वारा आयोजित ‘मोहब्बत की दुकान’ कार्यक्रम में गांधी ने कहा कि भारत में लोगों का एक समूह है जो सोचते हैं कि वे भगवान से अधिक जानते हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसका ‘एक उदाहरण’ हैं. केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने गांधी पर उनकी टिप्पणी को लेकर पलटवार करते हुए दावा किया कि कांग्रेस नेता का इतिहास का ज्ञान उनके परिवार से आगे नहीं बढ. सका है.

उन्होंने कहा, ”यह हास्यास्पद है कि जो कुछ भी नहीं जानता है वह अचानक हर चीज का विशेषज्ञ बन जाता है. एक व्यक्ति जिसका इतिहास ज्ञान अपने परिवार से परे नहीं जाता, वह इतिहास के बारे में बात कर रहा है.” जोशी ने कहा, ”आलू से सोना पैदा करने का दावा करने वाला एक व्यक्ति विज्ञान के बारे में व्याख्यान दे रहा है और एक व्यक्ति जिसने कभी पारिवारिक मामलों से आगे कदम नहीं बढ.ाया, अब भारत का नेतृत्व करना चाहता है.”

संसदीय कार्य मंत्री ने कहा, ”नहीं मिस्टर फर्जी गांधी! भारत का मूल इसकी संस्कृति है. भारतीयों को अपने इतिहास पर बहुत गर्व है और वे अपने भूगोल की बहुत अच्छी तरह से रक्षा कर सकते हैं. आपकी तरह नहीं जो देश को बदनाम करने के लिए विदेशी धरती का इस्तेमाल करते हैं.” राहुल गांधी पर अपनी विदेश यात्राओं के दौरान भारत को ‘बदनाम’ करने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह कांग्रेस नेता की आदत बन गई है.

उन्होंने कहा, ”यह उनकी हताशा को दर्शाता है कि वह प्रधानमंत्री मोदी को बदनाम करने के अपने प्रयासों में विदेशों में भारत का अपमान करने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं.” उन्होंने यह भी कहा कि गांधी ने भारत में मुसलमानों को कथित तौर पर निशाना बनाए जाने की तुलना 1980 के दशक में उत्तर प्रदेश में दलितों के साथ होने वाली घटनाओं से की, लेकिन लोगों को यह बताना भूल गए कि उस समय देश और राज्य में कांग्रेस की सरकार थी.

उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यकों के खिलाफ अत्याचार को संरक्षण देती है? भाजपा के मुख्य प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी ने कहा कि देश को बदनाम करना और उसके खिलाफ साजिश करना कांग्रेस के चरित्र में है.

उन्होंने कहा कि दुनिया प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास के लिए भारत की सराहना कर रही है लेकिन देश के कुछ नेता विदेशी धरती पर उसे बदनाम करने का काम कर रहे हैं. भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी ने कहा कि राहुल ‘हताशा’ में इस तरह की टिप्पणी कर रहे हैं क्योंकि देश के लोग प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़े हैं.

उन्होंने कहा, ”वंशवादी परंपरा का पालन करने वाले कांग्रेस के लोगों को लगता है कि शासन करना उनका जन्मसिद्ध अधिकार है लेकिन आज उन्हें इस अधिकार से वंचित कर दिया गया है और लोग नरेन्द्र मोदी के काम के कारण उनके साथ खड़े हैं.” भारत में अल्पसंख्यक समुदाय की स्थिति के बारे में राहुल गांधी की टिप्पणी पर भाजपा सांसद ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के शासन में मुसलमान पहले से कहीं अधिक सुरक्षित हैं.

उन्होंने कहा कि देश में मुसलमान मुफ्त गैस कनेक्शन से लेकर शौचालय तक विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के समान रूप से लाभार्थी रहे हैं और प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के दृष्टिकोण के साथ काम कर रही है. उन्होंने कहा, ”विपक्ष इस तरह के बयानों से डर पैदा करना चाहता है क्योंकि भाजपा ने पसमांदा मुसलमानों पर अपना ध्यान केंद्रित किया है. हाल के स्थानीय निकाय चुनावों (उत्तर प्रदेश में) में बड़ी संख्या में मुसलमानों ने पार्षद और महापौर के कुछ पदों पर जीत हासिल की. इसलिए उन्हें (कांग्रेस को) डर है कि मुस्लिम वोट धीरे-धीरे भाजपा की ओर खिसक जाएगा.”

भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने भी राहुल गांधी पर हमला बोला और कहा कि मोदी को कोसने का उनका जुनून ‘भारत को कोसने’ में बदल गया है. उन्होंने कहा, ”समूचा धर्मनिरपेक्ष सिंडिकेट, जिसकी नेता कांग्रेस है, ने देश के मुसलमानों को ‘च्यूइंगम’ की तरह समझा और उन्हें चबाया… नरेन्द्र मोदी ने उन्हें (मुसलमानों को) समाज के समावेशी विकास में भागीदार बनाया. नरेन्द्र मोदी ने सांप्रदायिक वोटों की दुकान को ध्वस्त कर दिया. यही समस्या है.”

उन्होंने आरोप लगाया, ”कांग्रेस अब भी इस भ्रम में जी रही है कि भारत इंदिरा है और कांग्रेस देश है.” नकवी ने कहा, ”कांग्रेस देश नहीं है. आज भारत में हर कोई प्रगति और समृद्धि का अनुभव कर रहा है और इसका हिस्सा बन रहा है.” भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, ”आज जब पूरी दुनिया भारत का जश्न मना रही है, राहुल गांधी और ‘भारत बदनामी ब्रिगेड’ फिर से अपने काम में जुट गये हैं. प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा का विरोध करने के लिए, वे भारत और भारतीय संस्कृति के विरोध पर उतर आए हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu