रेल प्रशासन किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए राज्य सरकारों, पुलिस के साथ बातचीत कर रहा: वैष्णव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 24 Sep 2024 10:29 PM
रेल प्रशासन किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए राज्य सरकारों, पुलिस के साथ बातचीत कर रहा: वैष्णव
ऑडियो सुनें

जयपुर. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को कहा कि रेलवे प्रशासन तोड़फोड़ की संभावित कोशिशों को लेकर सतर्क है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कई राज्यों में प्रशासन एवं पुलिस के साथ बातचीत कर रहा है. उन्होंने जयपुर हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा कि केंद्र सरकार (रेलवे की) सुरक्षा संबंधी खतरों को अत्यंत गंभीरता से ले रही है और ”जो भी कोई ऐसी दुर्घटना कराने की कोशिश करेगा, उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी. यह हमारा संकल्प है.” वैष्णव ने कहा, ”रेलवे का पूरा प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है. सभी राज्य सरकारों के साथ, राज्यों के पुलिस महानिदेशकों (डीजीपी) के साथ, गृह सचिवों के साथ लगातार संवाद किया जा रहा है. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) भी इसमें शामिल है.” जयपुर पहुंचने के बाद वैष्णव ने मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की. अधिकारियों ने वैष्णव की इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया.

अधिकारियों के अनुसार, मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने राजस्थान में रेलवे सुविधाओं के विस्तार के संबंध में चर्चा की.
दोनों नेताओं ने शहर के राजा पार्क इलाका स्थित भाटिया भवन में भाजपा कार्यकर्ताओं से बातचीत की. साथ ही, वैष्णव ने जयपुर के गांधी नगर रेलवे स्टेशन पर बने ‘रूफ प्लाजा’ का भी निरीक्षण किया.

केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि प्लाजा शहर के दो हिस्सों को जोड़ेगा. उन्होंने कहा कि गांधी नगर रेलवे स्टेशन का प्लाजा देश में इस तरह की पहली परियोजनाओं में से एक है. रेल मंत्री का शाम 4 बजे सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन पर ‘कवच’ तकनीक युक्त एक इंजन पर सवार होने और 45 मिनट का सफर तय कर इंदरगढ़ स्टेशन तक जाने का कार्यक्रम भी है.

रेल मंत्री वैष्णव ने ‘कवच’ प्रणाली का लोको परीक्षण किया

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को सवाई माधोपुर से इंद्रगढ़ सुमेरगंज मंडी तक स्थापित की गई स्वदेशी सुरक्षा प्रणाली ‘कवच 4.0’ का लोको परीक्षण किया. रेलवे के एक प्रवक्ता ने यहां बताया कि वैष्णव ने कोटा मंडल के सवाई माधोपुर से इंद्रगढ़ सुमेरगंज मंडी स्टेशन तक ‘कवच’ सिस्टम का लोको से निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने लोको पायलटों के साथ संवाद किया एवं ‘कवच 4.0’ के बारे में सभी जानकारियां ली.

आधिकारिक बयान के अनुसार भारतीय रेलवे पर सबसे पहले पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा डिवीजन द्वारा कोटा-सवाई माधोपुर 108 किलोमीटर के खण्ड पर भारत की स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा (एटीपी) प्रणाली ‘कवच’ संस्करण 4.0 को स्थापित किया गया है.
‘कवच’ स्वचालित ट्रेन सुरक्षा एवं ट्रेन को टकराव रोकने की क्षमता प्रदान करता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu