जापान में ‘आरआरआर’ की विशेष स्क्रीनिंग में शामिल हुए राजामौली, 83 वर्षीय प्रशंसक ने दिया उपहार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 19 Mar 2024 08:39 PM
जापान में ‘आरआरआर’ की विशेष स्क्रीनिंग में शामिल हुए राजामौली, 83 वर्षीय प्रशंसक ने दिया उपहार

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. ब्लॉकबस्टर फिल्म ”आरआरआर” की जापान में विशेष स्क्रीनिंग की गई, जिसमें शामिल हुए फिल्म निर्माता एसएस राजामौली ने कहा कि इस फिल्म की रिलीज के लगभग दो साल बाद भी इसे प्यार देने के लिए वह दर्शकों के आभारी हैं. जापानी फिल्म वितरक ट्विन कंपनी के अनुसार, ”आरआरआर” फिल्म की स्क्रीनिंग सोमवार को तोक्यो के मल्टीप्लेक्स थिएटर शिंजुकु पिकाडिली सिनेमा और शिंजुकु वाल्ड 9 में आयोजित की गई थी. अपनी फिल्म की एक स्क्रीनिंग में शामिल हुए राजामौली ने एक बुजुर्ग जापानी महिला के साथ कई तस्वीरें साझा की. महिला ने उन्हें 1,000 ओरिगामी क्रेन उपहार में दिए हैं.

ओरिगामी जापान की एक कला है जिसमें कागज को मोड़ कर विभिन्न पशु, पक्षियों या वस्तुओं आदि की आकृतियां बनाई जाती हैं.
राजामौली ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ”जापान में वे ओरिगामी क्रेन बनाते हैं और उन्हें अपने प्रियजनों को शुभकामना के साथ उपहार में देते है. आरआरआर फिल्म देख कर खुश होने के बाद 83 वर्षीय महिला ने हमें आशीर्वाद के तौर पर 1,000 ओरिगामी क्रेन उपहार में दीं. उन्होंने यह उपहार हमें भेजा और वह ठंड में बाहर हमारा इंतजार कर रही थीं. कुछ बातें कभी नहीं दोहराई जा सकतीं. मैं उनका बहुत-बहुत आभारी हूं.”

ट्विन कंपनी ने भारत में रिलीज होने के महीनों बाद 21 अक्टूबर, 2022 को जापान के सिनेमाघरों को ”आरआरआऱ” का वितरण किया था. राम चरण और जूनियर एनटीआर अभिनीत इस फिल्म ने जापानी बॉक्स ऑफिस पर 410 मिलियन येन (लगभग 23 करोड़ रुपये) से अधिक की कमाई की.

यह फिल्म 1920 के दशक में भारतीय क्रांतिकारियों अल्लूरी सीताराम राजू और कोमाराम भीम के जीवन पर आधारित है. अल्लूरी सीताराम राजू का किरदार अभिनेता रामचरण ने और कोमाराम भीम का किरदार जूनियर एनटीआर ने निभाया है. फिल्म ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 1,200 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की और अपने गीत ”नाटू-नाटू” के लिए ऑस्कर भी जीता.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu