प्रख्यात तमिल अभिनेता मयिलसामी का निधन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 19 Feb 2023 03:00 PM
ऑडियो सुनें

चेन्नई. तमिल सिनेमा के प्रख्यात अभिनेता मयिलसामी का रविवार तड़के निधन हो गया. दक्षिण भारतीय कलाकार संघ (एसआईएए) ने यह जानकारी दी. एसआईएए ने कहा कि 57 वर्षीय हास्य कलाकार मयिलसामी को रविवार तड़के दिल का दौरा पड़ा.

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन, एमएनएम प्रमुख कमल हासन, अन्नाद्रमुक के अपदस्थ नेता ओ. पन्नीरसेल्वम और तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन समेत विभिन्न राजनीतिक नेताओं ने शोकसंतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.
स्टालिन ने शोक संदेश में लिखा, ‘‘उनका निधन फिल्म उद्योग के लिए अपूरणीय क्षति है. मयिलसामी ने लोकप्रिय टेलीविजन कार्यक्रम ‘कॉमेडी टाइम’ के माध्यम से प्रसिद्धि प्राप्त की. वह एक कुशल मिमिक्री कलाकार थे और उन्हें कलैगनार (द्रमुक के दिग्गज नेता दिवंगत एम. करुणानिधि) से सराहना मिली थी.’’ तमिलिसाई सुंदरराजन ने मयिलसामी के निधन पर दुख जताया.

उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘‘मैं उनके परिवार के सदस्यों, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं.’’ अन्नाद्रमुक नेता ओ. पन्नीरसेल्वम ने मयिलसामी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि दिवंगत अभिनेता पूर्व मुख्यमंत्री एम. जी. रामचंद्रन के प्रशंसक थे.
उन्होंने कहा, ‘‘मैं मयिलसामी के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं.’’ मयिलसामी ने 100 से अधिक फिल्मों में काम किया. वह टीवी परिचर्चाओं में भी भाग लेते रहे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu