गरीबी के आंकड़ों पर रीजीजू ने राहुल गांधी पर निशाना साधा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 04 Sep 2022 08:57 PM
गरीबी के आंकड़ों पर रीजीजू ने राहुल गांधी पर निशाना साधा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कानून मंत्री किरेन रीजीजू ने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के कार्यकाल के दौरान गरीबी उन्मूलन को लेकर अलग-अलग आंकड़े देने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर रविवार को कटाक्ष करते हुए कहा कि ऐसा तब होता है जब कोई व्यक्ति कुछ महीनों में एक बार भारत लौटता है.

रीजीजू ने ट्विटर पर एक छोटा वीडियो पोस्ट किया, जिसमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी संप्रग के 10 साल के शासन के दौरान गरीबी से बाहर निकाले गये व्यक्तियों की संख्या को लेकर अलग-अलग मौकों पर भिन्न-भिन्न आंकड़े देते नजर आ रहे हैं.
कांग्रेस नेता ने संप्रग के शासन काल में गरीबी से बाहर निकाले जाने वाले व्यक्तियों की संख्या कभी 14 करोड़, तो कभी 15 करोड़, कभी 23 करोड़ तो कभी 27 करोड़ बताई.

अरुणाचल प्रदेश से भाजपा के सांसद रीजीजू ने कहा, ‘‘ऐसा तब होता है जब आप विदेश से कुछ महीनों में एक बार भारत वापस आते हैं और अंशकालिक राजनीति करते हैं.’’ गांधी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर डर और नफरत फैलाकर देश को कमजोर करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि इससे भारत के दुश्मनों को फायदा होगा. कांग्रेस ने यहां एक विशाल रैली के दौरान मूल्य वृद्धि के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश की.

पूर्व अध्यक्ष ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने 27 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला, लेकिन पिछले आठ वर्षों में, प्रधानमंत्री मोदी ने 23 करोड़ लोगों को वापस गरीबी की दलदल में धकेल दिया है. उन्होंने कहा, ‘‘हमने 10 साल में जो (अच्छा) काम किया, उन्होंने (मोदी सरकार ने) उसे आठ साल में नष्ट कर दिया.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu