रोहित, पंड्या ने आईसीसी एकदिवसीय रैंकिंग में सुधार किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 29 Mar 2023 08:53 PM
ऑडियो सुनें

दुबई. भारतीय कप्तान रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की बुधवार को जारी नवीनतम एकदिवसीय रैंकिंग में एक स्थान के सुधार के साथ आठवें जबकि हरफनमौला हार्दिक पंड्या गेंदबाजों की सूची में 10 स्थान के सुधार के साथ 76वें पायदान पर पहुंच गये. इस सूची में शुभमन गिल नंबर पांच पर भारत के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बने हुए हैं, जबकि विराट कोहली सातवें स्थान पर हैं.
बल्लेबाजों की सूची में पाकिस्तान के बाबर आजम शीर्ष स्थान पर है.

गेंदबाजों की सूची में मोहम्मद सिराज तीसरे नंबर है. वह  शीर्ष 10 गेंदबाजों की सूची में एकमात्र भारतीय हैं. इसमें ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड शीर्ष पर हैं.  ऑस्ट्रेलिया के लेग स्पिनर एडम जम्पा भारत के खिलाफ चेन्नई एकदिवसीय में 45 रन पर चार विकेट लेने के बाद तीन स्थान के सुधार के साथ करियर के सर्वश्रेष्ठ छठे पायदान पर पहुंच गये है.
इस श्रृंखला के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गये मिशेल मार्श चार स्थान के सुधार के साथ बल्लेबाजों की सूची में 51वें स्थान पर पहुंच गये.

उन्होंने तीन मैचों की श्रृंखला में 194 रन बनाये.   टी20 अंतरराष्ट्रीय में पाकिस्तान के खिलाफ 2-1 से श्रृंखला जीतने के दौरान शानदार गेंदबाजी करने वाले राशिद खान इस प्रारूप के शीर्ष गेंदबाज बन गये है. उन्होंने श्रीलंका के वांिनदु हसरंगा को पीछे छोड़ा. राशिद ने इस श्रृंखला के हर मैच में विकेट चटकाये. उन्होंने इस दौरान 12 ओवर में सिर्फ 62 रन खर्च किये. टीम में उनके साथी स्पिनर मुजीब उर रहमान ने भी दो स्थान का सुधार किया. श्रृंखला के पहले और तीसरे मैच में दो-दो विकेट लेने वाले मुजीब आठवें स्थान पर आ गये है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu