सत्येंद्र जैन को तिहाड़ में ‘‘रिसॉर्ट जैसी’’ सुविधाएं मिल रहीं हैं: मीनाक्षी लेखी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 23 Nov 2022 02:17 PM
सत्येंद्र जैन को तिहाड़ में ‘‘रिसॉर्ट जैसी’’ सुविधाएं मिल रहीं हैं: मीनाक्षी लेखी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने बुधवार को आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) के नेता एवं दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन को तिहाड़ जेल में किसी रिसॉर्ट जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। तिहाड़ जेल में बंद जैन के कुछ नए वीडियो बुधवार को सामने आए, जिनमें उन्हें अपनी कोठरी में फल और कच्ची सब्जियां खाते देखा जा सकता है। इस वीडियो के सामने आने के कुछ घंटों बाद लेखी ने यह बयान दिया।

लेखी ने एक संवाददाता सम्मेलन में जैन के उस वीडियो का भी जिक्र किया, जिसमें वह तिहाड़ में बंद बलात्कार के एक आरोपी से मालिश कराते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं ऐसे व्यक्ति को अपने पास भी नहीं आने दूंगी। कल्पना कीजिए कि वह व्यक्ति उनके पैरों की मालिश कर रहा है।’’

लेखी ने कहा, ‘‘लोग बलात्कार के एक आरोपी से जैन के मालिश कराने जैसी ‘आप’ नेताओं की शर्मनाक हरकतों को देख रहे हैं। ‘आप’ नेता कहते कुछ हैं और करते उसके विपरीत हैं।’’ उन्होंने कहा कि जेल में भोजन और चिकित्सकीय सेवाओं के लिए जेल नियमावली है।

लेखी ने कहा, ‘‘जैन की कोठरी में टेलीविजन, पैकेट बंद भोजन और मालिश जैसी अतिरिक्त सुविधाएं देखकर लगता है कि वह छुट्टियां मनाने किसी रिसॉर्ट में आए हैं।’’ उन्होंने ‘आप’ के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरंिवद केजरीवाल पर भी निशाना साधा और उन पर दिल्ली की समस्याओं को सुलझाने में ‘‘नाकाम’’ रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वे दिल्लीवासियों की समस्याओं को सुलझाने के बजाय प्रधानमंत्री बनने के अपने लक्ष्य को पूरा करने के लिए ‘आप’ के विस्तार की खातिर उन राज्यों में प्रचार करने में व्यस्त हैं, जहां चुनाव होने वाले हैं।

जैन ने हाल में शहर की एक अदालत में याचिका दायर कर अनुरोध किया था कि तिहाड़ जेल के अधिकारियों को उनकी धार्मिक आस्था के अनुसार फल, सूखे मेवे और खजूर जैसे खाद्य पदार्थ मुहैया कराने का निर्देश दिया जाए। दिल्ली की एक अदालत ने दिल्ली सरकार के मंत्री जैन की याचिका पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से मंगलवार को जवाब तलब किया था।
ईडी ने जैन को मई में धनशोधन के मामले में गिरफ्तार किया था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav