
नयी दिल्ली. केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी, भारती एयरटेल के संस्थापक तथा चेयरमैन सुनील भारती मित्तल और वोडाफोन आइडिया के प्रबंध निदेशक तथा मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अक्षय मूंदड़ा के साथ दूरसंचार उद्योग के लिए विकास की रूपरेखा तैयार करने पर विचार-विमर्श किया. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के तीसरे कार्यकाल में सिंधिया के साथ दूरसंचार क्षेत्र के दिग्गजों की यह पहली बैठक थी.
साथ ही मोबाइल दूरसंचार सेवाओं के शुल्क में 10-27 प्रतिशत की वृद्धि के बाद दूरसंचार प्रमुखों के साथ यह मंत्री की पहली बैठक थी.
बैठक के दौरान सिंधिया ने उपभोक्ताओं और राष्ट्र के हितों को साधते हुए सहयोगात्मक तरीके से दूरसंचार क्षेत्र के विकास को बढ.ावा देने पर विचार-विमर्श किया. उन्होंने कहा कि दूरसंचार मंत्रालय, दूरसंचार परिचालकों और इस क्षेत्र के अन्य भागीदारों के साथ चर्चा के दौरान चिन्हित मुद्दों पर तय समयसीमा के भीतर कार्रवाई योजना पर काम करेगा. उन्होंने अपने मंत्रालय की छह समितियों में से तीन के साथ बैठक की.
बैठक के बाद सिंधिया ने संवाददाताओं से कहा, ”हमने इन समितियों के लिए एक गहन एजेंडा की पहचान की है. अब इन समितियों के सदस्य और हम मिलकर काम करेंगे.” दूरसंचार सेवा प्रदाताओं की सलाहकार समिति की बैठक में उद्योग निकाय सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीओएआई) के महानिदेशक एस पी कोचर भी मौजूद थे. सिंधिया ने कहा कि इन समितियों की पहली प्रस्तुति के लिए अलग-अलग कार्यक्रम हैं, जो अगले कुछ सप्ताहों में होंगे.
उन्होंने कहा, ”इसके बाद हम प्रत्येक व्यक्तिगत मुद्दे पर विचार करेंगे, विवरण पर गहनता से ध्यान देंगे और एक कार्ययोजना, समयसीमा और कार्रवाई योग्य बिंदु तैयार करेंगे, ताकि उद्योग को आगे बढ.ाया जा सके.” सूत्रों के अनुसार चर्चा लगभग आधे घंटे तक हुई, जिसमें मंत्री ने संकेत दिया कि ग्राहकों का हित दूरसंचार क्षेत्र के विकास के केंद्र में होना चाहिए. एक सूत्र ने कहा, ”तीनों निजी कंपनियों ने मंत्री का समर्थन किया. सुनील भारती मित्तल ने उद्योग के साथ जुड़ने की मंत्री की पहल की सराहना की.” मंत्री ने इंटरनेट सेवा प्रदाताओं और बुनियादी ढांचा समिति के प्रतिनिधियों के साथ ही शिक्षाविदों और अनुसंधान एवं विकास समिति के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की.



