झारखंड में महिला के शव के टुकड़े करने की घटना के बाद अन्य अंगों की तलाश जारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 19 Dec 2022 07:37 PM
झारखंड में महिला के शव के टुकड़े करने की घटना के बाद अन्य अंगों की तलाश जारी
ऑडियो सुनें

साहिबगंज. साहिबगंज जिले में एक महिला की हत्या कर शव के टुकड़े किए जाने की घटना के बाद सोमवार को पुलिस उसके अन्य अंगों की खोजबीन में जुटी रही. पुलिस ने कहा कि महिला के शव के लगभग 18 टुकड़े रविवार को बरामद किए गए थे. उन्होंने बताया कि महिला के पति दिलदार अंसारी और परिवार के कई सदस्यों को इस वारदात को अंजाम देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. यह घटना शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात हुई थी.

महिला आदिवासी पहाड़िया समुदाय से थी और अंसारी की दूसरी पत्नी थी. साहिबगंज के पुलिस अधीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा ने कहा, ‘‘शव के अन्य हिस्सों को बरामद करने के लिए खोजबीन अभियान जारी है.’’ इस बीच, घटना को लेकर सोमवार को विपक्षी दल भाजपा के नेताओं और सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच वाकयुद्ध छिड़ गया.

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुबर दास ने आरोप लगाया कि राज्य में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता में आने के बाद से लगातार आदिवासी महिलाओं के खिलाफ अपराध हो रहे हैं. दास ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘राज्य सुरक्षित हाथों में नहीं है, मुख्यमंत्री सोरेन को नैतिक आधार पर तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए.’’ झामुमो के प्रवक्ता मोहन कर्मकार ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ये आरोप ‘‘राजनीति से प्रेरित’’ हैं. उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सरकार ऐसी अमानवीय घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. महिलाओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu