रोहित, कोहली जैसे सीनियर की वनडे विश्व कप में अहम भूमिका : गंभीर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 04 Jan 2023 07:00 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर का मानना है कि इस साल के आखिर में भारत में होने वाले विश्व कप में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर खिलाड़ियों की अहम भूमिका होगी. गंभीर ने कहा कि भारत को बेखौफ खिलाड़ियों को पहचानने की जरूरत है.

उन्होंने स्टार स्पोटर्स के शो ‘ रोड टू वर्ल्ड कप ग्लोरी’ में कहा ,‘‘ सबसे पहले आपको ऐसे खिलाड़ियों को पहचानना होगा जो बेखौफ क्रिकेट खेलते हैं . पचास ओवरों के प्रारूप में आपको हर तरह के क्रिकेटर चाहिये . ऐसे खिलाड़ी भी जो पारी के सूत्रधार बन सकें .’’ उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि विराट कोहली, रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ी यह भूमिका बखूबी निभा सकते हैं . ये स्पिन को बखूबी खेल सकते हैं और आगामी विश्व कप में इनकी भूमिका अहम हो सकती है .’’ क्रिकेट से राजनीति में आये गंभीर ने कहा कि दोनों छोर से दो नयी गेंद के होने से वनडे क्रिकेट का स्वरूप बदल गया है.

उन्होंने कहा ,‘‘ हमारे समय में एक ही नयी गेंद होती थी लेकिन अब दो नयी गेंद होती है . ऐसे में अनियमित गेंदबाजों की भूमिका नहीं रही . अब रिवर्स ंिस्वग भी देखने को नहीं मिलती . अब ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत है जो इन हालात में शानदार खेल दिखा सकें .’’ गंभीर ने कहा कि भारत को खिलाड़ियों को पहचानकर उन पर भरोसा बनाये रखना होगा. उन्होंने कहा ,‘‘पिछले दो विश्व कप में भारतीय क्रिकेट ने यही गलती की कि ये खिलाड़ी साथ में ज्यादा क्रिकेट नहीं खेले . हम कितनी बार सर्वश्रेष्ठ एकादश उतारने में कामयाब रहे . हम ऐसा नहीं कर सके और कभी भी सर्वश्रेष्ठ एकादश मैदान पर नहीं दिखी.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu