शाह ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्रियों पर निशाना साधा; कहा, खट्टर ने रोका भ्रष्टाचार और अराजकता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 27 Oct 2022 07:21 PM
शाह ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्रियों पर निशाना साधा; कहा, खट्टर ने रोका भ्रष्टाचार और अराजकता
ऑडियो सुनें

फरीदाबाद. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्रियों पर क्षेत्र के आधार पर भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि लंबे समय के बाद मनोहर लाल खट्टर की सरकार आई है जो संपूर्ण विकास कर रही है. उन्होंने दावा किया कि हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार ने राज्य में भ्रष्टाचार और अराजकता को रोका है. शाह ने आरोप लगाया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा नीत कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार के लिए जानी जाती थी. उन्होंने ओम प्रकाश चौटाला नीत इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की सरकार पर भी उनका नाम लिए बिना प्रहार किया.

उन्होंने कहा,‘‘आठ साल पहले की स्थिति याद कीजिए, जब एक की सरकार बनती थी तो भ्रष्टाचार बड़े पैमाने पर होता था जबकि दूसरे के शासन में गुंडागर्दी का बोलबाला होता था.’’ शाह ने कहा, ‘‘ लेकिन खट्टर सरकार भ्रष्टाचार नहीं होने देती और उसने गुंडागर्दी का भी खात्मा किया है.’’ यहां ‘जन उत्थान’ रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि खट्टर सरकार ने गत आठ साल के अपने कार्यकाल में हरियाणा को बदलने के लिए काम किया है. उन्होंने कहा कि आजादी के लंबे समय बाद राज्य को ऐसा मुख्यमंत्री मिला है जो संपूर्ण विकास के लिए काम करता है.

शाह ने कहा, ‘‘पूर्व में मुख्यमंत्री या तो सिरसा या रोहतक का होता था, वे हरियाणा के नहीं होते थे, लेकिन खट्टर पूरे हरियाणा के मुख्यमंत्री हैं.’’ उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्यमंत्री और इनेलो प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला सिरसा के हैं जबकि हुड्डा रोहतक से आते हैं.
हुड्डा पर तीखा हमला करते हुए शाह ने कहा, ‘‘ जब हुड्डा की 3डी सरकार थी… आप 3डी फिल्म देखते हैं लेकिन पूरे देश में हुड्डा ने ही 3डी सरकार दिखाई.’’

उन्होंने कहा, ‘‘हुड्डा की 3डी सरकार में ‘दरबारी’, ‘दामाद (कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाद्रा का संदर्भ देते हुए) और ‘डीलर्स’ थे. बाद में आई भाजपा सरकार ने उसके स्थान पर विकास कार्य किया.’’ केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि खट्टर ‘‘ वास्तव में शिष्ट व्यक्ति’’ हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री की प्रशंसा भी की. उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में जब भाजपा को बहुमत मिला तो पार्टी अध्यक्ष होने के नाते उन्होंने खट्टर को मुख्यमंत्री बनने के लिए कहा. शाह ने खुलासा किया कि उक्त समय खट्टर ने 15 नेताओं की सूची दी थी जिन्हें उनकी जगह मुख्यमंत्री बनाया जा सकता था.

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा अपने दम पर सामान्य बहुमत हासिल करने में सफल रही थी, लेकिन वर्ष 2019 के चुनाव में बहुमत के जादुई आंकड़े से पिछड़ने के बाद उसने जननायक जनता पार्टी (जजपा) से गठबंधन किया और सरकार बनाई. इससे पहले शाह ने यहां हरियाणा आॅर्बिटल रेल कॉरिडोर परियोजना का शिलान्यास और तीन अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन किया जिनकी कुल लागत करीब 6,629 करोड़ रुपये है.

उन्होंने 5,618 करोड़ रुपये की लागत वाली हरियाणा आॅर्बिटल रेल कॉरिडोर परियोजना की आधारशिला रखी. शाह ने सोनीपत के बरही में 590 करोड़ रुपये के रेल कोच नवीनीकरण कारखाने और रोहतक में 315.40 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित देश के पहले सबसे लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का उद्घाटन किया. केंद्रीय गृह मंत्री ने 106 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हरियाणा पुलिस निवास परिसर, भोंडसी का उद्घाटन भी किया.

इस दौरान कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय ऊर्जा एवं भारी उद्योग राज्यमंत्री एवं फरीदाबाद के स्थानीय सांसद कृष्णपाल गुर्जर और भाजपा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ भी मौजूद थे. शाह ने परियोजनाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से हरियाणा को दिवाली का उपहार करार देते हुए कहा कि उच्च गति से चलने वाली वंदे भारत ट्रेनों का निर्माण सोनीपत के कारखाने में होगा.

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि खट्टर सरकार ने जो काम किया है , उसने उन्हें विश्वास दिया है कि हरियाणा की पूर्ववर्ती सरकारों के मुकाबले पलड़ा उनकी (खट्टर सरकार) की ओर झुका है. उन्होंने कहा कि ‘‘मोदी जी और मनोहरजी की जोड़ी ने हरियाणा को नंबर वन बना दिया है.’’ उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने विरासत में मिली व्यवस्था को दुरुस्त कर भ्रष्टाचार और भाई भतीजावाद को रोका और केंद्र की योजनाओं को गरीबों तक पहुंचाया.

पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि ‘‘ एक बड़ा स्थानांतरण उद्योग’’ हुआ करता था जिसपर खट्टर शासन ने रोक लगाई. उन्होंने कहा कि गत आठ साल में हरियाणा सरकार ने बिना रिश्वत 98 हजार सरकारी नौकरियां दी. ब्रिटेन को पछाड़ कर भारत की अर्थव्यवस्था के दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने पर केंद्र की मोदी सरकार की प्रशंसा करते हुए शाह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने भारतीय अर्थव्यवस्था में सुधार कर उसे 11वें स्थान पर पहुंचाया था.

उन्होंने कहा, ‘‘सोनिया (गांधी)- (पूर्व प्रधानमंत्री) मनमोहन सिंह ने 11वें स्थान पर ही अर्थव्यवस्था को रखा और वर्ष 2014 में मोदी जी के आने के बाद यह वर्ष 2014 से 2022 के दौरान दुनिया में पांचवें शीर्ष स्थान पर पहुंच गई.’’ वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा पानीपत में शुरू किए गए ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को रेखांकित करते हुए शाह ने कहा कि हरियाणा का ंिलग अनुपात (प्रति एक हजार पुरुषों पर महिलाओं की संख्या)817 से बढ़कर 913 हो गया है.

शाह ने कहा, ‘‘जो राज्य अपनी बेटियों की रक्षा नहीं करता, उसे कोई नहीं बचा सकता है.’’ उन्होंने हरियाणा की कई उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब राज्य खाद्यान्न और डेयरी उत्पादन में यह दूसरे स्थान पर पहुंच गया है. उन्होंने कहा, ‘‘आठ साल में (राज्य में)बड़े बदलाव आए हैं.’’ शाह ने बताया कि राज्य में 1.60 लाख सूक्ष्म मध्यम एवं लघु उद्यम (एमएसएमई) स्थापित हुए हैं और हरियाणा इस मामले में तीसरे स्थान पर पहुंच चुका है. उन्होंने कहा कि हरियाणा एकमात्र राज्य है जहां 14 फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित है. उन्होंने कहा कि 500 फर्च्यून कंपनियों में से 400 का परिचालन हरियाणा में हो रहा है और सरकार ने गुरुग्राम को सबसे बड़े औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu