शुभमन चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे और मैं पांचवें नंबर पर ही खेलूंगा: पंत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 18 Jun 2025 09:31 PM
शुभमन चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे और मैं पांचवें नंबर पर ही खेलूंगा: पंत
ऑडियो सुनें

लीड्स. भारत के उप कप्तान ऋषभ पंत ने बुधवार को पुष्टि की कि शुभमन गिल इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे जबकि वह कप्तान के बाद पांचवें नंबर पर खेलेंगे. विराट कोहली के संन्यास के बाद भारत को चौथे नंबर पर नया बल्लेबाज ढूंढना होगा और गिल अब इस महत्वपर्ण स्थान पर बल्लेबाजी करेंगे.

पंत ने कहा, ”मुझे लगता है कि अब भी इस बात पर चर्चा चल रही है कि तीसरे नंबर पर कौन खेलेगा. लेकिन चौथे और पांचवें नंबर पर निश्चित रूप से फैसला हो चुका है. मुझे लगता है कि शुभमन चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे और मैं पांचवें नंबर पर ही खेलूंगा और बाकी हम इस पर चर्चा करते रहेंगे.” पंत ने कहा कि मैदान के अंदर और बाहर गिल के साथ उनके संबंध बहुत अच्छे हैं.

उन्होंने कहा, ”मुझे लगता है कि मैदान के बाहर मेरा और शुभमन का रिश्ता बहुत अच्छा है. अगर आप मैदान के बाहर अच्छे दोस्त हैं तो यह रिश्ता आखिरकार मैदान पर भी कायम रहता है. इस बात पर मेरा हमेशा विश्वास रहा है.” इंग्लैंड भी अपने संन्यास ले चुके दिग्गज तेज गेंदबाजों जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड के बिना खेलेगा. पंत ने कहा कि इंग्लैंड की टीम में इस दिग्गज जोड़ी को नहीं देखकर राहत मिली लेकिन वह मौजूदा गेंदबाजी आक्रमण को कमतर आंकने के लिए तैयार नहीं हैं.

उन्होंने कहा, ”निश्चित रूप से यह बहुत अच्छा लगता है, जब दोनों (एंडरसन और ब्रॉड) टीम में नहीं होते हैं. वे इतने वर्षों से इंग्लैंड के लिए खेल रहे हैं और मैं केवल दो दौरों (इंग्लैंड के खिलाफ) के लिए आया हूं. लेकिन साथ ही इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रमण में काफी क्षमता है.” पंत ने कहा, ”हम किसी को भी हल्के में नहीं लेना चाहते क्योंकि हमारी टीम भी युवा है. वे अब भी खुद को विकसित करने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन साथ ही हमें अपनी क्रिकेट खेलनी होगी और जहां जरूरत हो गेंदबाजों तथा विपक्षी टीम का सम्मान करना होगा.”

भारत को खुश करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे, पंत ने विमान हादसे पर कहा

भारत के उप कप्तान ऋषभ पंत ने बुधवार को कहा कि खिलाड़ी अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना को अपने दिमाग में रखेंगे और उन्होंने देश को खुशी देने के लिए इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन करने का वादा किया. अहमदाबाद से लंदन जाने वाला एयर इंडिया का विमान पिछले सप्ताह उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था जिसमें 241 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की मौत हो गई थी.

पंत ने बुधवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ”विमान (दुर्घटना) में जो कुछ हुआ, उससे पूरा भारत निराश है, लेकिन हम अपनी तरफ से सिर्फ यही कर सकते हैं कि हम भारत को फिर से कैसे खुश कर सकते हैं. ” इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा कि टीम शुक्रवार से यहां शुरू हो रही पांच मैचों की श्रृंखला में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी.

उन्होंने कहा, ”दुर्घटना में जो कुछ हुआ, उससे कारण लोग बहुत अधिक भावनाओं से गुजर रहे होंगे. हम देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने जा रहे हैं कि हम उन्हें कैसे खुश कर सकते हैं और यह हमेशा एक अतिरिक्त जिम्मेदारी होती है.” पंत ने कहा कि भारतीय क्रिकेटरों से हमेशा जीत की उम्मीद की जाती है. उन्होंने कहा, ”आप हर समय भारत को खुश रखना चाहते हैं लेकिन एक क्रिकेटर के तौर पर यह हर समय संभव नहीं है लेकिन मैं अपनी तरफ से यह वादा कर सकता हूं कि हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने जा रहे हैं और हम अपना 200 प्रतिशत देने जा रहे हैं ताकि देशवासियों को खुशी दे सकें.” पंत ने 2022 के अंत में खुद के साथ हुई भीषण कार दुर्घटना के बारे में बात करते हुए कहा कि इससे वापसी करना एक कठिन प्रक्रिया थी. उन्होंने कहा, ”कार दुर्घटना से वापसी करने में पिछले दो साल काफी कठिन रहे हैं. लेकिन मैं एक ऐसा व्यक्ति बनना चाहता हूं जो हर दिन सीख रहा हो. ”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu