श्रीलंका में भारी बारिश और बाढ़ से छह लोगों की मौत, विद्यालयों को बंद किया गया..

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 06 Oct 2023 02:59 PM
श्रीलंका में भारी बारिश और बाढ़ से छह लोगों की मौत, विद्यालयों को बंद किया गया..
ऑडियो सुनें

कोलंबो: श्रीलंका में भारी बारिश की वजह से कई हिस्सों में बाढ़ आने, मिट्टी धंसने और पेड़ गिरने की घटनाओं में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और कुछ इलाकों में विद्यालय बंद कर दिए गए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

श्रीलंका में करीब दस दिन से मानसून की तेज बारिश हो रही है, जिसकी वजह से घरों, खेतों और सड़कों पर पानी भर गया है। राजधानी के मुख्य अस्पताल के प्रवक्ता डॉ. रुकशान बेल्लाना ने बताया कि कोलंबो में शुक्रवार को एक चलती बस पर विशाल पेड़ गिर गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए।

श्रीलंका के आपदा प्रबंधन केंद्र ने बताया कि इसके अलावा गाले जिले में मिट्टी खिसकने के दौरान एक व्यक्ति के घर पर बड़ा पत्थर गिर गया, जिसके नीचे दबने से उसकी मौत हो गई। केंद्र ने बताया कि बाढ़ आने और मिट्टी धंसने से 12 जिलों में सैकड़ों मकान क्षतिग्रस्त हु­ए हैं और 50 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। केंद्र के मुताबिक, 1473 परिवारों को अस्थायी आवासों में ठहराया गया है।

श्रीलंका का तटीय जिला मतारा बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है, जहां सप्ताह भर से ज्यादा समय से बारिश हो रही है और अधिकतर हिस्से बाढ़ की चपेट में हैं। मतारा में भूस्खलन के खतरे और बाढ़ की वजह से शुक्रवार को विद्यालयों को बंद कर दिया गया।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav