आध्यात्मिक पर्यटन में पुडुचेरी के सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा देने की क्षमता: राष्ट्रपति मुर्मू

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 07 Aug 2023 07:33 PM
आध्यात्मिक पर्यटन में पुडुचेरी के सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा देने की क्षमता: राष्ट्रपति मुर्मू

ऑडियो सुनें

पुडुचेरी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है. उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक पर्यटन में पुडुचेरी के सामाजिक आर्थिक विकास को बढ़ावा देने की क्षमता है.
पुडुचेरी की अपनी पहली यात्रा के दौरान जवाहरलाल स्नातकोत्तर आयुर्वज्ञिान चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (जेआईपीएमईआर) में आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि पुडुचेरी ‘आध्यात्मिक पर्यटन के लिए एक अद्भुत गंतव्य’ है. उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक पर्यटन एक वैश्विक प्रवृत्ति के रूप में तेजी से उभर रहा है.

राष्ट्रपति ने कहा, ”आध्यात्मिक पर्यटन में पुडुचेरी में सामाजिक आर्थिक विकास को बढ़ावा देने की क्षमता है.” उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पुडुचेरी में पर्यटन संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए स्वदेश दर्शन योजना के तहत कई कदम उठाए हैं.
इससे पहले, जेआईपीएमईआर में कैंसर रोगियों के इलाज के लिए 17 करोड़ रुपये के अत्याधुनिक उपकरण का उद्घाटन करने के बाद राष्ट्रपति ने कहा कि यह सुविधा रेडियो थेरेपी जोखिम को कम करेगी.

उन्होंने पड़ोसी विल्लियानूर में 10.51 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित आयुष अस्पताल का वर्चुअल तरीके से उद्घाटन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत इसका निर्माण किया गया है और यह चिकित्सा की तीन प्रणालियों आयुर्वेद, सिद्ध और होम्योपैथी के तहत सस्ती और संपूर्ण स्वास्थ्य देखभाल सुविधा प्रदान करेगा.

साक्षरता और शिक्षा के क्षेत्र में पुडुचेरी द्वारा किए गए विविध विकास की सराहना करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि पुडुचेरी ने विभिन्न संस्कृतियों के मिलन का प्रदर्शन किया और इस कहावत की भावना पर खरा उतरा कि यहां ‘अनेकता में एकता’ है. पुडुचेरी की उपराज्यपाल तमिलिसाई सौंदर्यराजन ने राष्ट्रपति का स्वागत पहले ओडिया में, फिर अंग्रेजी तथा तमिल में किया.

मुख्यमंत्री एन रंगासामी ने क्षेत्रीय सरकार द्वारा हाशिये पर पड़े और जरूरतमंद वर्गों की मदद के लिए लागू की जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया. इससे पूर्व, चेन्नई से पुडुचेरी हवाई अड्डा पहुंचने पर राष्ट्रपति का उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों ने स्वागत किया. मुर्मू पुडुचेरी की दो दिवसीय यात्रा पर हैं और राष्ट्रपति बनने के बाद केंद्र शासित प्रदेश की उनकी यह पहली यात्रा है.

By Yogesh Kumar Sahu