महिला पंचायत प्रतिनिधियों की जगह पतियों का शपथ लेना संविधान का मजाक: चिदंबरम

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 08 Aug 2022 07:06 PM
महिला पंचायत प्रतिनिधियों की जगह पतियों का शपथ लेना संविधान का मजाक: चिदंबरम
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने मध्य प्रदेश के कुछ गांवों में नवनिर्वाचित महिला पंचायत पदाधिकारियों के स्थान पर उनके पति या पुरुष रिश्तेदारों को पद की शपथ दिलाए जाने को लेकर सोमवार को कहा कि यह संविधान का मजाक है.
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मध्य प्रदेश में महिला पंचायत प्रतिनिधियों के स्थान पर उनके पतियों को शपथ लेते देखना त्रासदी और कॉमेडी दोनों है. यह अविश्वसनीय है कि आजादी के 75 साल के बाद संविधान और कानून का इस तरह से मजाक बनाया जा सकता है.’’

चिदंबरम ने कहा कि राज्य सरकार को इनकी शपथ निरस्त करनी चाहिए और महिला पंचायत प्रतिनिधियों को फिर से शपथ लेनी चाहिए. मध्य प्रदेश के कुछ गांवों में नवनिर्वाचित महिला पंचायत पदाधिकारियों के स्थान पर उनके पति या पुरुष रिश्तेदारों को पद की शपथ दिलाए जाने के कुछ मामले सामने आने के बाद पिछले दिनों एक अधिकारी को निलंबित कर दिया गया था और मामले की जांच के आदेश दिए गए थे. सागर और दमोह जिलों के कुछ स्थानों पर हाल में हुए पंचायत चुनाव में निर्वाचित महिलाओं के पिता और पति सहित अन्य पुरुष रिश्तेदारों ने बृहस्पतिवार को शपथ ली थी. शपथग्रहण समारोह के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu