‘गदर 2’ के तारा सिंह हमारे हल्क और सुपरमैन हैं: सनी देओल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 06 Aug 2023 06:54 PM
‘गदर 2’ के तारा सिंह हमारे हल्क और सुपरमैन हैं: सनी देओल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अभिनेता सनी देओल ने रविवार को कहा कि हर कोई पर्दे पर एक सुपरहीरो को देखना चाहता है और उनकी आगामी फिल्म ‘गदर 2’ में उनके द्वारा निभाया गया तारा सिंह का किरदार किसी ‘हल्क’ या ‘सुपरमैन’ से कम नहीं है. सनी देओल और अमीशा पटेल अभिनीत ‘गदर 2’, वर्ष 2001 में आई सुपरहिट फिल्म ‘गदर: एक प्रेम कथा’ की अगली कड़ी है. फिल्म का निर्देशन अनिल शर्मा ने किया है.

अनिल शर्मा द्वारा निर्देशित फिल्म “गदर 2”, सिनेमाघरों में 11 अगस्त को प्रर्दिशत होगी. अभिनेता ने यहां जागरण फिल्म फेस्टिवल(जेएफएफ)-2023 के आखिरी दिन एक सत्र के दौरान कहा, “तारा सिंह हमारा हल्क और सुपरमैन है. हर आदमी हल्क और सुपरमैन देखना चाहता है. वह मानता ??है कि पर्दे पर (नायक) चीजों को सही कर देगा. जैसे वहां मार्वल कॉमिक्स हैं, वैसे ही यहां तारा सिंह है.” ‘गदर’ के प्रसिद्ध ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’ दृश्य का उदाहरण देते हुए अभिनेता ने कहा कि जब किसी किरदार को मुश्किल विकल्प का सामना करना पड़ता है, तब ‘भगवान’ रास्ता दिखाने के लिए पर्दे पर आते हैं.

देओल ने शनिवार को सिनेमा जगत में 40 वर्ष पूरे किये. उन्होंने कहा कि वह किसी भूमिका की तैयारी में विश्वास नहीं करते, क्योंकि अभिनय एक कला है. फिल्म के निर्देशक अनिल शर्मा ने कहा कि उन्हें “गदर 2” की पटकथा पर ध्यान देने में ज्यादा समय लगा, क्योंकि वह फिल्म की पहली कड़ी की पवित्रता को बनाए रखना चाहते थे. फिल्म में सनी देओल और अमीशा पटेल के अलावा उत्कर्ष शर्मा भी हैं. यह फिल्म 1971 के दौर की है.

उन्होंने कहा, “आपको उस समय के अनुसार कहानियों से निपटना होगा, जिसमें हम रह रहे हैं, लेकिन ‘गदर 2’ 1971 के दौर की है. इसलिए, इसके पात्र भी उसी समय के किरदार में नजर आएंगे. फिल्म की पहली कड़ी 1954 के दौर में समाप्त हुई थी. 1954 और 1971 के बीच दुनिया बहुत ज्यादा नहीं बदली थी, इसलिये किरदारों का चरित्र-चित्रण कमोबेश वही रहा. शर्मा ने कहा, “हमने ‘गदर 2’ में ‘गदर’ की पवित्रता को बनाए रखा है. हमने 90 प्रतिशत एक्शन वास्तविक रूप में शूट किया है. हमने लगभग 500 बम विस्फोट दृश्यों को शूट किया. हमने फिल्म में न्यूनतम दृश्य प्रभावों का उपयोग किया है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu