तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने लगाया ‘प्रजा दरबार’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 08 Dec 2023 09:24 PM
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने लगाया ‘प्रजा दरबार’
ऑडियो सुनें

हैदराबाद/नयी दिल्ली. तेलंगाना के मुख्यमंत्री का पद संभालने के एक दिन बाद ए. रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को यहां अपने कैंप कार्यालय-सह-आधिकारिक आवास पर ‘प्रजा दरबार’ आयोजित किया और आम लोगों की शिकायतें सुनीं और जल्द से जल्द उनका समाधान करने का वादा किया. लोग ‘प्रजा दरबार’ के लिए ज्योतिराव फुले प्रजा भवन में बड़ी संख्या में मौजूद थे.

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने दिव्यांग व्यक्तियों से अभ्यावेदन प्राप्त करने को प्राथमिकता दी और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली. इसमें कहा गया है, ”मुख्यमंत्री रेड्डी ने ‘प्रजा दरबार’ में बड़ी संख्या में आए लोगों की समस्याओं और सरकारी मदद के लिए विभिन्न मुद्दों पर उनकी दलीलों के बारे में गहन जानकारी ली.” मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए तत्काल उपाय किए जाएंगे. बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री बाद में एक बैठक में भाग लेने के लिए सचिवालय के लिए रवाना हो गये.

रेवंत रेड्डी ने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे और लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया. सूत्रों ने यह जानकारी दी है. सूत्रों ने बताया कि रेड्डी ने शुक्रवार शाम लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौपा. वह तेलंगाना में मल्काजगिरी संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे थे. वह तेलंगाना विधानसभा चुनाव में कोडांगल विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए हैं. सूत्रों ने कहा कि रेड्डी के पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल से भी मिलने और चुनाव अभियान के दौरान पार्टी द्वारा घोषित छह गारंटी के क्रियान्वयन के अलावा तेलंगाना में पहले विधानसभा सत्र से पूर्व राज्य से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करने की संभावना है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu