वैष्णो देवी भूस्खलन की घटना में लोगों की जान जाना दुखद: प्रधानमंत्री मोदी

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 27 Aug 2025 03:20 PM
वैष्णो देवी भूस्खलन की घटना में लोगों की जान जाना दुखद: प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: वैष्णो देवी में भूस्खलन की घटना में लोगों की जान जाने पर दुख व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि प्रशासन इस घटना से प्रभावित सभी लोगों की सहायता कर रहा है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘श्री माता वैष्णो देवी मंदिर के मार्ग पर भूस्खलन के कारण लोगों की जान जाने की खबर दुखद है।

मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रशासन सभी प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। मैं सभी के सुरक्षित और सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।’’ अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि वैष्णो देवी में भूस्खलन की घटना में बचावर्किमयों द्वारा मलबे से और शव निकाले जाने के बाद, हादसे में मरने वालों की संख्या बढकर 32 हो गई है। जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में पर्वतीय क्षेत्र में स्थित वैष्णो देवी मंदिर के मार्ग पर एक दिन पहले भूस्खलन हुआ था।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा: लोगों की जान जाना बेहद दुखद

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को कहा कि जम्मू कश्मीर में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की घटना में लोगों की जान जाना अत्यंत दुखद है। राष्ट्रपति ने राहत एवं बचाव कार्य के सफलतापूर्वक पूरा होने की कामना की।

अधिकारियों ने बताया कि रियासी जिले में पर्वतीय क्षेत्र में स्थित मंदिर के मार्ग पर मलबे के नीचे से बचावर्किमयों द्वारा और शव निकाले जाने के बाद भूस्खलन की घटना में मरने वालों की संख्या बढकर 32 हो गई है। उन्होंने बताया कि लगातार और भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में कम से कम 20 लोग घायल हो गए।

मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘माता वैष्णो देवी मंदिर के यात्रा मार्ग पर हुए भूस्खलन में कई श्रद्धालुओं की मृत्यु होने की दुखद घटना अत्यंत कष्टदायक है। मैं शोक-संतप्त परिवारों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं तथा राहत व बचाव कार्य में सफलता की कामना करती हूं।’’ भूस्खलन के बाद वैष्णोदेवी यात्रा स्थगित कर दी गई है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital