
बेंगलुरु. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को कहा कि कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार द्वारा विधानसभा में आरएसएस का प्रार्थना गीत गाने का मामला अब खत्म हो गया है, क्योंकि वह (शिवकुमार) इसके लिए माफी मांग चुके हैं. खरगे ने यहां संवाददाताओं से कहा कि वह किसी बंद मामले को दोबारा नहीं खोलेंगे. कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ”माफी मांगने के बाद मामला खत्म हो गया है. आपको (मीडिया को) इसे तूल नहीं देना चाहिए.” उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं होनी चाहिए.
राज्यसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, ”शिवकुमार को ऐसा नहीं कहना चाहिए था, लेकिन उन्होंने कह दिया. अब उन्होंने माफी मांग ली है. मैं ज़्यादा कुछ नहीं कहूंगा… मतलब मैं किसी बंद पड़े मामले को दोबारा नहीं खोलूंगा.” शिवकुमार ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में चार जून को हुई भगदड़ पर 21 अगस्त को विधानसभा में चर्चा के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की प्रार्थना ”नमस्ते सदा वत्सले… की कुछ पंक्तियां पढ़ी थीं.” शिवकुमार कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष भी हैं.



