रांची सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में हो रहीं रुक-रुक कर बारिश…

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 09 Dec 2024 01:51 PM
रांची सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में हो रहीं रुक-रुक कर बारिश…
ऑडियो सुनें

रांची: झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में सोमवार को सुबह से बादल छाए रहे और रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बने चक्रवात और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण हुआ है।

खराब मौसम के कारण न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। सोमवार को रांची का न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक यानी 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बोकारो शहर, 10.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किए जाने के साथ राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा, जबकि जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पिछले 24 घंटों में हजारीबाग में सबसे अधिक 11.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि लोहरदगा में 5.5 मिमी और रांची के नामकुम में 3.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। अधिकारी ने बताया कि सोमवार को मौसम में बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया, ‘‘मंगलवार से मौसम साफ रहने की संभावना है और सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा छाए रहने के आसार है। अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।’’ उन्होंने कहा कि सोमवार को झारखंड के उत्तर-पश्चिमी भागों को छोड़कर पूरे राज्य में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital