अयोध्या राम मंदिर दान चोरी मामले में पुलिस रिमांड पर लिये गये तीन आरोपी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 08 Jul 2026 01:53 PM
अयोध्या राम मंदिर दान चोरी मामले में पुलिस रिमांड पर लिये गये तीन आरोपी
ऑडियो सुनें

अयोध्या: अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को एक स्थानीय अदालत के आदेश पर बुधवार को 24 घंटे की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मामले की जांच कर रहे अयोध्या के पुलिस क्षेत्राधिकारी आशुतोष तिवारी ने सुबह करीब सात बजे ज़लिा जेल से अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडे को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया।

विशेष अदालत (भ्रष्टाचार रोधी) के आदेश के अनुसार रिमांड की यह अवधि बुधवार सुबह सात बजे शुरू हुई। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान सामने आए नए सुबूतों के बारे में आरोपियों से पूछताछ की जाएगी और पुलिस उन जगहों पर तलाशी भी ले सकती है जिनकी आरोपियों ने निशानदेही की है ताकि चोरी की गयी नकदी और अन्य सामान बरामद किया जा सके।

अधिकारियों के मुताबिक अभियोजन पक्ष ने रिमांड की मांग इसलिए की थी ताकि मामले में गिरफ्तार अन्य लोगों से पूछताछ के दौरान इकट्ठा की गई सामग्री और सबूतों के आधार पर इन तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा सके। मामले की जांच के लिये गठित विशेष टीम (एसआईटी) द्वारा इस मामले में सबसे पहले मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला को पुलिस रिमांड पर लिया गया था।

अयोध्या के राम मंदिर से चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में एसआईटी की शुरूआती रिपोर्ट के आधार पर आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
शुरूआती तफ्तीश के अनुसार, जांचकर्ताओं ने 40 दिनों की अवधि में चोरी की लगभग 70 संदिग्ध घटनाओं की पहचान की है और वे आरोपियों की भूमिका के साथ-साथ मंदिर में दान की रकम की गिनती की व्यवस्था में कथित प्रक्रियागत और सुरक्षा सम्बन्धी खामियों की भी जांच कर रहे हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav