गाजा में इजराइल के हमले में तीन लोगों की मौत, हमास के नए नेता को निशाना बनाने का दावा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 27 May 2026 05:37 PM
गाजा में इजराइल के हमले में तीन लोगों की मौत, हमास के नए नेता को निशाना बनाने का दावा
ऑडियो सुनें

दीर अल-बलाह: इजराइल की ओर से गाजा शहर में मंगलवार देर रात किए गए दो हवाई हमलों में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। शहर के शिफा अस्पताल के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने एक संयुक्त बयान में कहा कि यह हमला हमास की सैन्य शाखा के नए प्रमुख को निशाना बनाकर किया गया।

उन्होंने हमास की सैन्य शाखा के नए प्रमुख की पहचान मोहम्मद ओडेह के रूप में की और उसे सात अक्टूबर 2023 के हमलों का “एक प्रमुख सूत्रधार” बताया। इस हमले के बाद से इजराइल और हमास के बीच दो साल से अधिक समय से संघर्ष जारी है। इजराइल द्वारा हालिया हमला उस घटना के दो सप्ताह से भी कम समय बाद हुआ, जब इजराइल ने हमास की सैन्य शाखा के पूर्व प्रमुख इज अल-दीन अल-हद्दाद को मार गिराया था।

हमास की ओर से इस पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। मृतकों के शव गाजा के शिफा अस्पताल में रखे गए हैं। यह हमला ईद-उल-अजहा की पूर्व संध्या पर हुआ, जिससे गाजा में त्योहार का माहौल और भी फीका पड़ गया। अधिकतर लोग पहले ही बेघर हो चुके हैं और तंबुओं या अस्थायी आश्रयों में रह रहे हैं।

पिछले साल अक्टूबर में इजराइल और हमास के बीच हुए युद्धविराम के बाद भी स्थिति अत्यंत तनावपूर्ण बनी हुई है। युद्धविराम लागू होने के बाद से इजराइली हमलों में 880 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav