PM मोदी के बारे में ट्वीट करने को लेकर TMC प्रवक्ता साकेत गोखले गिरफ्तार किये गये: ममता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 06 Dec 2022 10:11 PM
PM मोदी के बारे में ट्वीट करने को लेकर TMC प्रवक्ता साकेत गोखले गिरफ्तार किये गये: ममता
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद/कोलकाता. गुजरात पुलिस ने एक ट्वीट को लेकर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता साकेत गोखले को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया. इसमें (ट्वीट में) एक पुल हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मोरबी दौरे से जुड़ी एक कथित फर्जी खबर का समर्थन किया गया था.

राजस्थान का दौरा कर रहीं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा सरकार के प्रतिशोधी रवैया की ंिनदा करते हुए कहा कि गोखले ने कोई गलती नहीं की है. तृणमूल कांग्रेस महासचिव अभिषेक बनर्जी ने गोखले की गिरफ्तारी को ‘डरी हुई’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रतिक्रिया बताया.

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी), साइबर अपराध, जितेंद्र यादव ने बताया कि गोखले को अहमदाबाद साइबर अपराध प्रकोष्ठ के अधिकारियों ने आज तड़के राजस्थान की राजधानी जयपुर में हिरासत में लिया. एसीपी ने कहा, ‘‘एक नागरिक से मिली शिकायत के आधार पर, प्रधानमंत्री के मोरबी दौरे के बारे में फर्जी खबर फैलाने को लेकर गोखले के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गई है.’’ बाद में, गोखले को गिरफ्तार कर लिया गया और अहमदाबाद लाया गया, जहां की एक अदालत ने उन्हें दो दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया.

पुलिस ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 465, 469, 471 (सभी फर्जीवाड़े से संबंधित)और 501 (मानहानिकारक मानी जाने वाली चीजों के प्रकाशन) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. गोखले ने हाल में एक खबर ट्विटर पर साझा की थी, जो एक प्रमुख गुजराती समाचार पत्र में प्रकाशित हुई प्रतीत होती है. इसमें दावा किया गया था कि सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत दायर एक आवेदन के जवाब में पता चला है कि अक्टूबर में एक पुल गिरने के बाद प्रधानमंत्री मोदी के मोरबी दौरे पर गुजरात सरकार ने 30 करोड़ रुपये खर्च किए थे. उल्लेखनीय है कि 31 अक्टूबर को हुए मोरबी पुल हादसे में 135 लोगों की जान चली गई थी.

एसीपी ने कहा, ‘‘हमने जब गुजरात समाचार से संपर्क किया तो उसके प्रबंधन ने बताया कि यह खबर कभी प्रकाशित ही नहीं की गई और यह पूरी तरह से फर्जी है, जिसे किसी ने वास्तविक दिखाने के लिए गढ़ा. इसलिए, हमने गोखले को फर्जी खबर फैलाने के आरोप में हिरासत में लिया है.’’ ममता ने जयपुर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह बहुत दुखद (घटना) है. साकेत (गोखले) एक अच्छे व्यक्ति हैं. वह सोशल मीडिया पर बहुत लोकप्रिय हैं. उन्होंने कोई गलती नहीं की है.’’

उन्होंने पुष्कर जाने से पहले कहा, ‘‘में इस प्रतिशोधी रवैये की ंिनदा करती हूं. उन्हें (साकेत को) इसलिए गिरफ्तार किया गया कि उन्होंने प्रधानमंत्री के बारे में ट्वीट किया था. लोग मेरे खिलाफ भी ट्वीट करते हैं…स्थिति को लेकर हमें दुख है.’’ अभिषेक ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस इस तरह डराने-धमकाने के कृत्यों से नहीं झुकेगी.

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘निडर, गोखले उस सरकार के खिलाफ खड़े थे जो अपने फायदे के लिए लोगों की जान दांव पर लगाती है. प्रतिक्रिया में डरी हुई भाजपा ने हमारे राष्ट्रीय प्रवक्ता साकेत गोखले को गुजरात पुलिस से गिरफ्तार कराया. यह सोचना उनकी (भाजपा की) मूर्खता है कि डराने-धमकाने के ये कृत्य हमें झुका देंगे.’’ तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओब्रायन ने गोखले को हिरासत में लिये जाने के घटनाक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि अहमदाबाद साइबर प्रकोष्ठ द्वारा दर्ज मामला ‘गढ़ा गया’ है.

उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘‘साकेत ने सोमवार को नयी दिल्ली से हवाई मार्ग से रात नौ बजे जयपुर के लिए उड़ान भरी. जब वह जयपुर उतरे तो गुजरात पुलिस वहां उनका इंतजार कर रही थी और उन्हें हिरासत में ले लिया गया. सोमवार देर रात दो बजे उन्होंने अपनी मां को फोन कर बताया कि वे (गुजरात पुलिस) उन्हें अहमदाबाद ले जा रहे हैं और वह आज (मंगलवार को) दोपहर में वहां पहुंचेंगे.’’ ओब्रायन ने कहा कि गुजरात पुलिस ने उन्हें दो मिनट फोन पर बात करने की अनुमति दी और फिर उनका फोन तथा अन्य सामान जब्त कर लिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu