भारत में आठ नवंबर को पूर्ण चंद्र ग्रहण

नयी दिल्ली. देश में इस साल का आखिरी चंद्र ग्रहण आठ नवंबर को घटित होगा. चंद्रोदय के समय ग्रहण भारत के सभी स्थानों से दिखाई देगा. पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के बयान में यह जानकारी दी गई है. मंत्रालय के बयान के अनुसार, ‘‘ ग्रहण की आंशिक एवं पूर्णावस्था का आरम्भ भारत के किसी भी स्थान से दिखाई नहीं देगा क्योंकि यह घटना भारत में चंद्रोदय के पहले ही प्रारम्भ हो चुकी होगी.’’ इसमें कहा गया है कि चंद्र ग्रहण की पूर्णावस्था एवं आंशिक अवस्था दोनों ही का अंत देश के पूर्वी हिस्सों से दिखाई देगा. देश के बाकी हिस्सों से आंशिक अवस्था का केवल अंत ही दिखाई देगा. मंत्रालय ने बताया कि भारत में पूर्ण चंद्र ग्रहण आठ नवंबर को होगा .

चंद्र ग्रहण दक्षिण अमेरिका, उत्तर अमेरिका, आॅस्ट्रेलिया, एशिया, उत्तर अटलांटिक महासागर तथा प्रशांत महासागर के क्षेत्रों में दिखाई देगा. देश के पूर्वी भाग में कोलकाता एवं गुवाहाटी जैसे शहरों में चंद्रोदय के समय ग्रहण की पूर्णावस्था चल रही होगी. कोलकाता में चंद्रोदय के समय से लेकर पूर्णावस्था के अंत तक की अवधि 20 मिनट की होगी तथा चंद्रोदय के समय से लेकर ग्रहण की आंशिक अवस्था के अंत तक की अवधि 1 घंटा 27 मिनट की होगी. गुवाहाटी में चंद्रोदय के समय से लेकर पूर्णावस्था के अंत तक की अवधि 38 मिनट की होगी.

दिल्ली, मुम्बई, चेन्नई एवं बेंगलुरू में ग्रहण की पूर्णावस्था के अंत के उपरांत चंद्रोदय होगा एवं उस समय आंशिक ग्रहण चल रहा होगा . इन शहरों में चंद्रोदय के समय से लेकर ग्रहण की आंशिक अवस्था के अंत तक की अवधि क्रमश: 50 मिनट, 18 मिनट, 40 मिनट एवं 29 मिनट तक की होगी. भारत में अगला चंद्र ग्रहण 28 अक्टूबर 2023 को घटित होगा जो कि आंशिक चंद्र ग्रहण होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button