सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत, दो घायल

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 16 Apr 2025 01:23 PM
सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत, दो घायल
ऑडियो सुनें

हाथरस: हाथरस गेट थाना क्षेत्र के हतीसर पुल पर बुधवार की सुबह एक सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति और उसकी साली की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और नवजात बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना सुबह करीब नौ बजे हुई, जब तेज गति से जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल पर एक ही परिवार के चार सदस्य सवार थे जो अपनी पत्नी के पैतृक गांव गुथेरा से अलीगढ़ जिले के बरला थाना क्षेत्र में स्थित पहाड़ीपुर गांव में अपने घर वापस जा रहे थे।

मृतकों की पहचान पवन कुमार (25) और प्रियंका (18) के रूप में हुई है। पवन के साथ उसकी पत्नी सुहानी (22) और उनकी 11 महीने की बेटी दीप्ति भी थी। पुलिस ने बताया कि चारों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे, तभी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पुल पर पीछे से उन्हें टक्कर मार दी।

पुलिस ने चारों पीड़ितों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पवन कुमार और प्रियंका को मृत घोषित कर दिया। सुहानी और उसकी बेटी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस क्षेत्राधिकारी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “हाथरस गेट क्षेत्र के हतीसर पुल पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की मौत हो गई।

एक महिला और उसकी नवजात बेटी घायल हो गई हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।” उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है और पुलिस ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक का पता लगाने की कोशिश कर रही है, जो दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital