उद्धव ठाकरे ‘दो मुंह वाला कोबरा’ हैं, दोहरे मापदंड अपनाते हैं : भाजपा नेता शेलार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 29 Oct 2025 09:00 PM
उद्धव ठाकरे ‘दो मुंह वाला कोबरा’ हैं, दोहरे मापदंड अपनाते हैं : भाजपा नेता शेलार
ऑडियो सुनें

मुंबई. महाराष्ट्र के मंत्री और भाजपा नेता आशीष शेलार ने बुधवार को शिवसेना (उबाठा) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को ”दो मुंह वाला कोबरा” कहा और उन पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया. शेलार ने यह टिप्पणी ठाकरे द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को मुंबई को ”निगलने की चाहत रखने वाला एनाकोंडा” कहे जाने के दो दिन बाद की है.

शेलार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”आप दो मुंह वाले कोबरा हैं उद्धव ठाकरे.” उन्होंने कहा कि ठाकरे खुद को बाघ कहते हैं, लेकिन लोमड़ी की तरह व्यवहार करते हैं. शेलार ने कहा, ”वह तलवार चलाने की बात करते हैं, लेकिन अपने दोस्तों के खिलाफ हो जाते हैं. वह दूसरों को एनाकोंडा कहते हैं, लेकिन जहरीले सांप की तरह काम करते हैं. वह मुंबई के विभाजन की अफवाहें फैलाते हैं और फिर शहर का शोषण करते हैं.” मंत्री ने कहा कि ठाकरे भाजपा कार्यालयों पर सवाल उठाते हैं, लेकिन अपना नया आवास ‘मातोश्री-2’ बनाते हैं.
शहर के बांद्रा इलाके में स्थित ‘मातोश्री’ ठाकरे का आवास है.

इससे पहले, ठाकरे ने शाह पर तब निशाना साधा था जब वह चर्चगेट स्टेशन के पास नए भाजपा कार्यालय के भूमिपूजन समारोह में भाग लेने के लिए शहर आए थे. शेलार ने कहा कि ठाकरे की राजनीति केवल दूसरों के बारे में टिप्पणी करने पर निर्भर करती है और अगर कुछ नहीं होता है तो वह कुछ नहीं बोल सकते. महाराष्ट्र के मंत्री ने कहा, ”वह (ठाकरे) दूसरे के बिल में घुसे साँप की तरह काम करते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu