
वाशिंगटन. अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रतिद्वंदी कमला हैरिस पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा उपराष्ट्रपति अमेरिका में अपराध, अव्यवस्था, अशांति और कत्लेआम का कारण बनेंगी. इस साल के अंत में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में अब महज 100 दिन शेष बचे हैं. मौजूदा राष्ट्रपति जो बाइडन (81) के नाम वापस लेने के बाद उपराष्ट्रपति हैरिस (59) राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की नयी उम्मीदवार हैं.
राष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार ट्रंप ने एक रैली के दौरान अपनी नयी प्रतिद्वंद्वी हैरिस को शनिवार को मिनीसोटा में मौजूदा राष्ट्रपति बाइडन से भी खराब बताया. ट्रंप के साथ इस दौरान सीनेटर जे डी वैंस भी मौजूद थे. ट्रंप (78) ने कहा, “अति उदारवादी कमला हैरिस हमारे देश में अपराध, अव्यवस्था, अशांति और कत्लेआम का कारण बनेंगी. मैं अमेरिका में कानून-व्यवस्था और न्याय लेकर आऊंगा.” ट्रंप ने कहा कि दोबारा सत्ता में आने के बाद वह बाइडन-हैरिस प्रशासन की सीमाओं को खोलने की हर नीति को रद्द कर देंगे.
उन्होंने कहा, “हम सीमाएं पूरी तरह से बंद कर देंगे और हमारे देश में हो रही घुसपैठ पर लगाम लगाएंगे. अमेरिका की राजनीति में कोई भी व्यक्ति खुली सीमाओं के समर्थन में नहीं है.” ट्रंप ने उपराष्ट्रपति के राजीनितक रिकॉर्ड पर निशाना साधते हुए कहा कि हैरिस ने सैन फ्रांसिस्को की जिला अटॉर्नी रहते हुए पूरी काउंटी को तबाह कर दिया.
पूर्व राष्ट्रपति ने आरोप लगाया, “कमला हैरिस असल में मार्क्सवादी जिला अटॉर्नी थी. उन्होंने सैन फ्रांसिस्को को तबाह किया और अब हमारे देश को तबाह करेंगी.” ट्रंप ने साथ ही वादा किया कि वह व्हाइट हाउस में वापसी के बाद अमेरिका को ‘बिटकॉइन सुपरपावर’ बनाएंगे. उन्होंने कहा कि वह संपूर्ण उद्योग के लाभ के लिए पारदर्शी नियामक मार्गदर्शन तैयार करने के लिए एक सलाहकार परिषद की नियुक्ति करेंगे.
ट्रंप ने शनिवार को बिटकॉइन सम्मेलन के दौरान ‘क्रिप्टोकरेंसी’ को लेकर कई वादे किए जिसमें प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग के अध्यक्ष गैरी जेन्सलर को हटाने और ‘रणनीतिक राष्ट्रीय बिटकॉइन भंडार’ बनाने का वादा भी शामिल है. ट्रंप ने कहा, “मैं अमेरिका को दुनिया की क्रिप्टो राजधानी और बिटकॉइन महाशक्ति बनाने को सुनिश्चित करने के लिए योजना बना रहा हूं.”
राष्ट्रपति पद की चुनावी दौड़ से बाइडन का बाहर निकलना ‘तख्तापलट’ था: ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि जो बाइडन को चुनावी दौड़ से हटने के लिए मजबूर किया गया तथा इसे डेमोक्रेटिक पार्टी द्वारा किया गया ”तख्तापलट” करार दिया. पूर्व राष्ट्रपति ने शनिवार को मिनेसोटा में एक चुनावी रैली में कहा, ”यह वास्तव में डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं द्वारा किया गया तख्तापलट था. यह एक ऐसे व्यक्ति का तख्तापलट था जिसके पास एक करोड़ 40 लाख वोट थे. वह (बाइडन) चुनाव लड़ना चाहते थे. उन्होंने (डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं ने) उन्हें (बाइडन को) चुनाव नहीं लड़ने दिया. उन्होंने उनके साथ बहुत बुरा व्यवहार किया.” ट्रंप ने दावा किया कि डेमोक्रेटिक पार्टी ने बाइडन से कहा कि वह यह काम अच्छे तरीके से कर सकते हैं या फिर उन्हें सख्ती करनी पड़ेगी. उन्होंने दावा किया कि यह राष्ट्रपति के खिलाफ तख्तापलट था.
ट्रंप (78) ने आरोप लगाया कि डेमोक्रेटिक पार्टी ने बाइडन को “25वें संशोधन से धमकाया.” उन्होंने कहा, ”और उन्होंने (बाइडन ने) कहा, मैं पीछे हट जाऊंगा. और फिर फर्जी खबर में कहा गया कि वह बहुत बहादुर थे. ऐसा नहीं है, उन्हें जाने के लिए मजबूर किया गया था.” पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी की हत्या के बाद राष्ट्रपति पद का उत्तराधिकार निर्धारित करने के लिए संसद ने अमेरिकी संविधान का 25वां संशोधन पारित किया था. यह संशोधन उपराष्ट्रपति के साथ-साथ कैबिनेट को राष्ट्रपति को ऐसी स्थिति में पद से हटाने की शक्ति देता है जब उसे शारीरिक रूप से अक्षम माना गया हो. बाइडन (81) ने 20 जुलाई को राष्ट्रपति पद की चुनावी दौड़ से पीछे हटने के अपने फैसले की घोषणा की थी और चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार के तौर पर उपराष्ट्रपति कमला हैरिस का समर्थन किया था.



